1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. रील के चक्कर में 30 फीट ऊंचे बांध से कूदा युवक, नीचे गिरते ही टूटे दोनों पैर

रील के चक्कर में 30 फीट ऊंचे बांध से कूदा युवक, नीचे गिरते ही टूटे दोनों पैर

युवाओं पर रील का भूत इसकदर सवार है कि वे अपनी जान की भी परवाह नहीं करते। अ​अब ऐसा ही एक मामला झांसी में सामने आया है, जहां युवक के दोनों पैर टूट गए हैं।

young man fell while making a reel in Jhansi.- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT झांसी में रील बनाने के चक्कर में गिरा युवक

उत्तर प्रदेश के झांसी में इंस्टाग्राम रील बनाने का जुनून युवक को भारी पड़ गया। पहूज बांध पर रविवार शाम दोस्तों के साथ घूमने पहुंचे 32 साल युवक ने वीडियो बनाने के लिए करीब 30 फीट ऊंची बाउंड्रीवाल से बांध के अंदर छलांग लगा दी। युवक को उम्मीद थी कि वह पानी में गिरेगा, लेकिन नीचे पानी कम होने के कारण वह सीधे जमीन पर जा गिरा। हादसे में उसके दोनों पैर टूट गए। घायल युवक को दोस्तों और पुलिस की मदद से बाहर निकालकर निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

करीब 30 फीट की ऊंचाई से कूद गया युवक

जानकारी के मुताबिक रक्सा थाना क्षेत्र के परवई गांव निवासी पुष्पेंद्र कुमार पुत्र राजकुमार रविवार को अपने कई दोस्तों के साथ पहूज बांध घूमने पहुंचा था। बताया जा रहा है कि दोस्त वहां इंस्टाग्राम रील बना रहे थे। इसी दौरान पुष्पेंद्र बांध के बाईं ओर बने व्यू पॉइंट पर पहुंच गया, जबकि उसके दोस्त दूसरी तरफ से उसका वीडियो बनाने लगे। पुष्पेंद्र बाउंड्रीवाल पर चढ़ा और बिना नीचे की स्थिति देखे करीब 30 फीट की ऊंचाई से बांध के अंदर छलांग लगा दी। वीडियो बना रहे दोस्तों को भी शायद अंदाजा नहीं था कि अगले ही पल यह स्टंट हादसे में बदल जाएगा।

जहां पानी कम था, वहां गिरा, इसलिए लगी चोट

छलांग लगाने के बाद पुष्पेंद्र पानी में जाने के बजाय ऐसे हिस्से में गिरा, जहां पानी बेहद कम था। जमीन पर गिरते ही वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके दोनों पैरों में चोट आई और वह खुद वहां से बाहर नहीं निकल सका। हादसे के बाद मौके पर मौजूद दोस्तों में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि वीडियो बना रहे दोस्तों में से किसी ने घबराहट में ऐसा भी कहा कि "भगवान इसकी आत्मा को शांति दे..." हालांकि युवक की हालत गंभीर होने के बावजूद उसकी जान बच गई।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया

हादसे की सूचना मिलते ही ग्रासलैंड चौकी प्रभारी रणविजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल युवक को बांध से बाहर निकलवाया और अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। इसके बाद दोस्तों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। हादसे की जानकारी मिलने पर पुष्पेंद्र के परिवार के लोग भी अस्पताल पहुंच गए। 

रील के लिए जान जोखिम में डालने का एक और मामला

इस घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर रील और वीडियो बनाने के दौरान सुरक्षा को नजरअंदाज करने को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। कुछ सेकंड की वायरल रील के लिए युवक ने करीब 30 फीट की ऊंचाई से छलांग लगा दी और गंभीर रूप से घायल हो गया। गनीमत रही कि हादसा जानलेवा साबित नहीं हुआ।

झांसी से आकाश राठौड़ की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें 

यूपी चुनाव से पहले अखिलेश यादव का बड़ा दांव, लाल के साथ नीले रंग में भी नजर आएगी समाजवादी पार्टी

महोबा में दर्दनाक हादसा, बारिश से भरे गहरे गड्ढे में डूबने से भाई-बहन समेत 3 मासूमों की मौत