1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. मानवता शर्मसार, अवैध संबंधों में बाधा बनने पर पति की हत्या का लगा आरोप, चार माह से शव की तलाश

मानवता शर्मसार, अवैध संबंधों में बाधा बनने पर पति की हत्या का लगा आरोप, चार माह से शव की तलाश

मथुरा के गोविंद नगर थाना क्षेत्र में चार महीने से लापता 42 साल के मनोज सोनी के मामले में हत्या की आशंका ने सनसनी फैला दी है। पुलिस पूछताछ में कथित तौर पर पत्नी, बेटी और बेटी के प्रेमी की भूमिका सामने आई है।

Mathura- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT पत्नी पर अवैध संबंधों में बाधा बने पति की हत्या का आरोप

मथुरा में चार महीने से रहस्यमय तरीके से लापता एक शख्स के मामले ने अब ऐसा मोड़ ले लिया है, जिसने पुलिस को भी चौंका दिया है। गोविंद नगर थाना क्षेत्र की राधा कृष्ण बाटिका कॉलोनी निवासी 42 साल के मनोज सोनी के लापता होने के पीछे हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस की पूछताछ में जो कहानी सामने आई है, उसमें मृतक की पत्नी, बेटी और बेटी के प्रेमी पर हत्या की साजिश में शामिल होने का आरोप है। हालांकि, अभी तक मनोज का शव बरामद नहीं हुआ है।

पुलिस शव की तलाश में जुटी

पुलिस जांच के मुताबिक, मनोज करीब चार महीने पहले अचानक लापता हो गया था। लंबे समय तक उसका कोई पता नहीं चला। अब पूछताछ के दौरान कथित तौर पर यह बात सामने आई है कि मनोज की हत्या कर उसके शव को जंगल में ठिकाने लगा दिया गया था। आरोप है कि मनोज को पहले नशीला पदार्थ दिया गया। इसके बाद उसके सिर पर पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव को किसी जंगल या सुनसान स्थान पर ले जाकर छिपाए जाने की बात पुलिस के सामने आई है। हालांकि, पुलिस अभी शव की तलाश में जुटी है और इस दावे की पुष्टि बरामदगी के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस ने मामले में मृतक की पत्नी, बेटी और बेटी के प्रेमी से लगातार पूछताछ की है। जांच में कथित तौर पर अवैध संबंधों का एंगल भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि मनोज इन संबंधों में बाधा बन रहा था, जिसके चलते उसकी हत्या की साजिश रची गई। हालांकि, पुलिस अभी सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

4 महीने पहले हुआ था लापता

पुलिस के लिए इस मामले में सबसे बड़ी चुनौती मनोज के शव को बरामद करना है। आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों और जंगलों में तलाश अभियान चला रही हैं। कई स्थानों की छानबीन के बावजूद अभी तक शव या उससे जुड़ा कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।

मनोज के करीब चार महीने तक लापता रहने के बाद अब हत्या की आशंका सामने आने से उसके परिवार और आसपास के लोगों में भी हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है। शव बरामद होने और सभी साक्ष्यों की जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ के जरिए हत्या की वजह, घटना की पूरी कड़ी और शव को ठिकाने लगाने की जगह का पता लगाने की कोशिश कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर की जाएगी।

(रिपोर्ट: विपिन शाश्वत)

यह भी पढ़ें:

बुलंदशहर में नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या के आरोपी का एनकाउंटर, दरोगा समेत दो पुलिसकर्मी भी घायल

मामूली बहस के बाद अस्पताल में ही भिड़े पति-पत्नी, एक-दूसरे को गिरा-गिराकर मारा; वीडियो वायरल