यूपी के सीतापुर जिला अस्पताल परिसर में उस समय हंगामा मच गया, जब पति-पत्नी के बीच चल रहा पुराना विवाद अचानक मारपीट में बदल गया। अस्पताल परिसर में दोनों के बीच काफी देर तक हाथापाई होती रही। इस दौरान, पत्नी ने पति की चप्पलों से जमकर पिटाई कर दी, तो पति ने भी पत्नी के बाल पकड़कर उसे दीवार से टकरा दिया।
पति-पत्नी ने अस्पताल में ही शुरू कर दी मारपीट
बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच पिछले कई वर्षों से विवाद चल रहा है। किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद मामला इतना बढ़ गया कि दोनों एक-दूसरे पर हाथ उठाने लगे। देखते ही देखते अस्पताल परिसर में मारपीट शुरू हो गई।
पत्नी ने चप्पल मारी तो पति ने भी कूटा
मारपीट के दौरान, पत्नी ने चप्पल उतारकर पति की पिटाई शुरू कर दी। वहीं, पति ने भी पत्नी के बाल पकड़ लिए और उसे दीवार की तरफ धकेलते हुए मारपीट की। दोनों के बीच हुई इस मारपीट को देखकर अस्पताल परिसर में मौजूद लोग मौके पर जमा हो गए। काफी देर तक लोग पूरे घटनाक्रम को देखते रहे।
अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर खड़े हुए सवाल
इस दौरान, किसी ने मारपीट का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। अब यही वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद जिला अस्पताल परिसर में हुई इस घटना को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। अस्पताल जैसे संवेदनशील और सार्वजनिक स्थान पर पति-पत्नी के बीच हुई मारपीट ने सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
हालांकि, मारपीट की वास्तविक वजह क्या थी और इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से कोई शिकायत दी गई है या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। फिलहाल, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस का कहना है कि मामला पति-पत्नी के बीच का है जिसमें दोनों पक्ष एक-दूसरे के प्रति वर्तमान में कोई विधिक कार्रवाई नहीं चाहते हैं। इससे पहले हाल ही में एक नौकर ने अपने मालिक की हत्या कर दी थी। आरोपी नौकर ने मालिक की गर्लफ्रेंड को भी मर्डर के प्लान में शामिल कर लिया था।
(इनपुट- मोहित मिश्रा)
ये भी पढ़ें- मिड-डे मील में बच्चों को परोसी गई पानी वाली सब्जी, वीडियो वायरल होते ही प्रिंसिपल सस्पेंड, FIR भी दर्ज