1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. थाने के बाहर युवक ने अचानक निकाला ब्लेड, खुद पर करने लगा वार, पुलिस ने हाथ से छीना

थाने के बाहर युवक ने अचानक निकाला ब्लेड, खुद पर करने लगा वार, पुलिस ने हाथ से छीना

कानपुर के चकेरी थाने के सामने अचानक युवक ने ब्लेड निकालकर खुद पर हमला शुरू कर दिया। इससे अफरा तफरी मच गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

policeman stops a youth from attacking himself with a blade.- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT खुद पर ब्लेड से हमला कर रहे युवक को रोकता पुलिसकर्मी

उत्तर प्रदेश के कानपुर के चकेरी थाने के बाहर रविवार शाम अचानक अफरा-तफरी मच गई। शाम करीब 6:10 बजे थाने के बाहर खड़े एक युवक ने जेब से ब्लेड निकाला और देखते ही देखते अपने गले पर वार करना शुरू कर दिया। युवक के गले से खून बहने लगा और वह लहूलुहान हो गया। अचानक हुई इस घटना को देखकर थाने के बाहर मौजूद लोग घबरा गए। पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए युवक को पकड़ लिया और उसके हाथ से ब्लेड छीन लिया। इसके बाद खून रोकने की कोशिश करते हुए उसे तत्काल कांशीराम अस्पताल पहुंचाया गया। 

अस्पताल में डॉक्टरों ने युवक का प्राथमिक इलाज किया, लेकिन हालत गंभीर देखते हुए उसे हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल युवक का इलाज चल रहा है और पुलिस उसकी हालत पर नजर रख रही है। घटना के बाद पुलिस ने युवक की पहचान कराने और उसके परिवार के बारे में जानकारी जुटाने की कवायद शुरू कर दी है। अभी तक यह साफ नहीं हो सका है कि युवक कौन है और वह चकेरी थाने के बाहर किस वजह से पहुंचा था।

जेब से निकाली ब्लेड और गले पर करने लगा वार

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक कुछ समय से थाने के बाहर खड़ा था। वह सामान्य दिखाई दे रहा था, लेकिन अचानक उसने जेब से ब्लेड निकाल लिया। इससे पहले कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उसने ब्लेड से अपने गले पर वार करना शुरू कर दिया। कुछ ही पल में उसके कपड़े खून से सन गए। युवक को खुद को घायल करते देख वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और लोग पीछे हट गए। थाने के बाहर पुलिसकर्मी मौजूद होने के कारण तुरंत कार्रवाई हो सकी। पुलिसकर्मियों ने युवक को काबू में किया और उसके हाथ से ब्लेड छीन लिया। इसके बाद कपड़े की मदद से उसके गले से निकल रहे खून को रोकने का प्रयास किया गया। हालत गंभीर होने के कारण उसे बिना समय गंवाए कांशीराम अस्पताल भेजा गया, जहां से बाद में डॉक्टरों ने हैलट रेफर कर दिया।

पुलिस बोली- नशे में था युवक, वजह की जांच जारी

थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि युवक काफी नशे में था। उसने खुद को ब्लेड से घायल क्यों किया, इसकी अभी जानकारी नहीं हो सकी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना से पहले युवक का किसी से विवाद हुआ था या वह किसी परेशानी की वजह से तनाव में था। युवक के होश में आने के बाद उसका बयान दर्ज किया जाएगा, जिसके आधार पर घटना की वजह स्पष्ट हो सकेगी।

पहचान से लेकर परिवार तक की जानकारी जुटा रही पुलिस

घटना के बाद पुलिस ने युवक की पहचान कराने के प्रयास तेज कर दिए हैं। उसके पास मौजूद सामान और अन्य माध्यमों से उसकी पहचान की जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि युवक थाने तक कैसे पहुंचा और उसके पास ब्लेड कहां से आया। पुलिस आसपास के लोगों से भी जानकारी ले रही है, ताकि घटना से पहले युवक की गतिविधियों और उसके संपर्क में आए लोगों के बारे में पता चल सके। फिलहाल युवक का हैलट अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस का कहना है कि युवक के बयान और जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि उसने आखिर किन परिस्थितियों में खुद को ब्लेड से घायल किया।

कानपुर से अनुराग श्रीवास्तव की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें 

यूपी में चली तबादला एक्सप्रेस, 14 IAS और 34 PCS अधिकारियों का हुआ ट्रांसफर, देखें लिस्ट

नकली नोटों के बाद अब नकली सिक्कों का अंतर्राज्यीय नेटवर्क, सहारनपुर में 1.20 लाख के सिक्के जब्त