बागपत के खेकड़ा में गुरुवार को एक परिवार की खुशियां देखते ही देखते मातम में बदल गईं। दुकान के ऊपर बने मकान में अचानक लगी आग ने इतना विकराल रूप ले लिया कि घर में मौजूद लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। आग और धुएं के बीच जान बचाने की जद्दोजहद शुरू हुई, लेकिन इस कोशिश में 38 साल की स्वाति जैन और उनकी 6 साल की बेटी अनन्या जैन की मौत हो गई। वहीं, परिवार के लोगों को बचाने की कोशिश कर रहा स्वाति का बेटा अंकुर जैन भी बुरी तरह झुलस गया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसा खेकड़ा कोतवाली क्षेत्र में हुआ। बताया जा रहा है कि व्यापारी विनय जैन का परिवार दुकान के ऊपर बने मकान में रहता है। घटना के समय विनय जैन और उनकी पत्नी मंदिर गए हुए थे। इसी दौरान मकान में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते लपटों ने पूरे घर को घेर लिया और अंदर धुआं भर गया।
परिवार को बचाने में झुलसा बेटा
आग की जानकारी मिलते ही परिवार के लोगों में चीख-पुकार मच गई। अंकुर जैन ने अपने परिवार को आग से बाहर निकालने की कोशिश की। इसी दौरान वह आग की चपेट में आ गया और करीब 60 प्रतिशत तक झुलस गया। गंभीर हालत में उसे प्राथमिक उपचार के बाद दिल्ली रेफर किया गया है।
आग इतनी भयानक थी कि राहत और बचाव कार्य के दौरान मकान में रखे दो सिलेंडरों में भी धमाके हो गए। इससे मौके पर अफरा-तफरी बढ़ गई और बचाव अभियान में जुटे कई अन्य लोग भी झुलस गए। दमकल विभाग की टीमों ने भारी धुएं और तेज लपटों के बीच सुरक्षा उपकरणों के साथ मकान में प्रवेश किया और अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया।
मां और बेटी की मौत से परिवार में मातम
सूचना मिलने के बाद पुलिस और दमकल की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश की गई। गंभीर रूप से झुलसी स्वाति जैन और उनकी 6 साल की बेटी अनन्या को खेकड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद दोनों के शवों को मोर्चरी भेज दिया गया। हादसे में परिवार का आठ साल का बेटा श्रेयस बच गया। घटना के समय वह स्कूल गया हुआ था, इसलिए वह आग की चपेट में आने से बच गया। लेकिन परिवार पर आई इस त्रासदी ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। एक ही हादसे में मां और छोटी बेटी की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
घटना की जानकारी मिलते ही बागपत के जिलाधिकारी दिव्यांशु पटेल ने अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने अग्निकांड के कारणों की जांच के भी आदेश दिए हैं। मौके पर एडीएम समेत पुलिस और प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे और हालात का जायजा लिया। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीमें आग लगने की वजह का पता लगाने में जुटी हैं।
(रिपोर्ट: डॉ पारस जैन)
यह भी पढ़ें:
नोएडा सेक्टर-81 मेट्रो स्टेशन के पास नाले में कूदा युवक, मचा हड़कंप, तलाश में जुटी पुलिस और फायर टीम
पत्नी से विवाद के बाद 130 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, पुलिस ने कराई सुलह तो उतरा नीचे