देश की सुरक्षा से जुड़ी एक चौंकाने वाली साजिश का खुलासा हुआ है। गाजियाबाद पुलिस ने एक ऐसे जासूसी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है, जिसमें एक महिला मीरा प्रजापति उर्फ मीरा ठाकुर का नाम सामने आया है, जो दिखावे के लिए ई-रिक्शा चलाकर लोगों की नजरों से बचती रही। मीरा की गिरफ्तारी से परिवार और आसपास के लोग हैरान और परेशान हैं।
क्या है पूरा मामला?
गाजियाबाद के कौशांबी इलाके में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मीरा प्रजापति उर्फ मीरा ठाकुर सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक नाबालिग भी शामिल है। आरोप है कि यह गिरोह देश के संवेदनशील स्थानों की जासूसी कर रहा था और वहां सीसीटीवी कैमरे लगाने की साजिश में शामिल था। सबसे चौंकाने वाली बात ये है कि मीरा प्रजापति उर्फ मीरा ठाकुर मथुरा में एक आम महिला की तरह जिंदगी जी रही थी। वह ई-रिक्शा चलाकर खुद को सामान्य दिखाती थी, ताकि किसी को उस पर शक न हो।
पति से अलग रह रही थी मीरा
मीरा मथुरा के औरंगाबाद इलाके की रहने वाली है। उसने करीब 8 साल पहले महादेव कॉलोनी में मकान खरीदा था और तब से अपने परिवार से अलग रह रही थी। करीब 2 साल पहले उसका पति भी उसे छोड़कर अलग रहने लगा था। मीरा की दो बेटियां हैं- एक 10 साल की और दूसरी 4 साल की। परिवार और आस-पड़ोस के लोगों को भी उसकी गतिविधियों की कोई भनक नहीं थी। बताया जा रहा है कि वह ज्यादा किसी से मेलजोल नहीं रखती थी और अपने काम से काम रखती थी।
'पहले मुंबई पुलिस की मुखबिर थी, अब बनी जासूस'
सूत्रों के मुताबिक मीरा ठाकुर जासूसी से पहले मुंबई पुलिस के लिए मुखबिरी करती थी। उसके मुंबई पुलिस अधिकारियों के साथ फोटो भी सामने आए हैं जिसमें वह पुलिस अधिकारियों को गुलदस्ता भेंट करते दिख रही है। पुलिस जांच में पता चला है कि मीरा फेसबुक के जरिए नौशाद और सोहेल जैसे संदिग्धों के ग्रुप से जुड़ी थी। मीरा के मोबाइल में मथुरा के कई संवेदनशील इलाकों के फोटो मिले हैं।
मीरा के पड़ोसियों ने क्या बताया?
मीरा के परिजनों का कहना है कि उन्हें इस पूरे मामले की कोई जानकारी नहीं थी। भतीजे ने बताया कि गिरफ्तारी की सूचना मिलने के बाद वह खुद मथुरा पुलिस और गाजियाबाद पहुंचा है, ताकि सच्चाई जान सके। मीरा के पड़ोसियों ने बताया कि उसका व्यवहार कॉलोनी के लोगों के साथ अच्छा था। जब उसकी गिरफ्तारी जासूसी के मामले में किए जाने की जानकारी हुई तो वह हैरत में पड़ गए।
फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश में जुटी है कि इस साजिश के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं। देश की सुरक्षा से जुड़े इस मामले में आगे क्या खुलासे होते हैं, इस पर सबकी नजरें टिकी हैं।
(रिपोर्ट- एम एस शर्मा)
यह भी पढ़ें-
पाकिस्तान के लिए जासूसी! मुजफ्फरपुर का नौशाद गिरफ्तार, देवघर मंदिर की लोकेशन भेजने का था टास्क
बड़े जासूसी नेटवर्क का खुलासा! असम से ऐसे पकड़ा गया एयर फोर्स स्टेशन का कर्मचारी, संवेदनशील जानकारी भेज रहा था PAK