A
Hindi News उत्तर प्रदेश मथुरा में एक ही परिवार के 5 लोगों ने किया सुसाइड, पति-पत्नी और 3 बच्चों ने जहर खाकर दी जान

मथुरा में एक ही परिवार के 5 लोगों ने किया सुसाइड, पति-पत्नी और 3 बच्चों ने जहर खाकर दी जान

मथुरा जिले के एक गांव में मंगलवार सुबह एक ही परिवार के 5 लोगों ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। मरने वालों में पति, पत्नी और उनके तीन मासूम बच्चे शामिल हैं।

घटनास्थल पर जांच करती पुलिस- India TV Hindi Image Source : REPORTER घटनास्थल पर जांच करती पुलिस

यूपी के मथुरा में एक परिवार के 5 सदस्यों की दर्दनाक मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। जिले के महावन थाना इलाके के खप्परपुर गांव में पति पत्नी और 3 बच्चों ने जहर खाकर जान दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस घटना की जांच में जुटी है। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

दूध में जहर मिलाकर पिया

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, सभी ने सोमवार रात दूध में जहर मिलाकर पीया। घटना का पता उस वक्त चला, जब परिवार के लोग सुबह देर तक नहीं उठे। इसके बाद पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस का कहना है कि मौके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है। मौत के सटीक कारणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद होगी।  

कमरे की दीवार पर लिखा था- अपनी मर्जी से कर रहे आत्महत्या 

SSP श्लोक कुमार सिंह ने बताया कि आज सुबह 5 लोगों ने कमरे के अंदर आत्महत्या कर ली है, पति मनीष -पत्नी सीमा और एक बेटा दो बेटी तीन बच्चे शामिल हैं। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्रित किए गए हैं। जिस कमरे में आत्महत्या की है, वहां दीवार पर लिखा हुआ मिला है कि हम खुद अपनी मर्जी से आत्महत्या कर रहे हैं। वहीं मृतक के द्वारा एक वीडियो भी बनाया गया था, सभी साक्ष्यों को एकत्रित कर लिया गया है। जो भी साक्ष्य निकलकर सामने आएंगे उसके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

मृतक के घर के बाद लोगों की भीड़ जमा

मामला महावन थाना क्षेत्र के खप्परपुर गांव का है। मृतक के घर के बाद लोगों की भीड़ जमा है और पुलिस बल भी तैनात है। फिलहाल जहर खाने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।  

(रिपोर्ट- विपिन सारस्वत, एम एस शर्मा)