1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. मौलाना साजिश रशीदी पर FIR दर्ज, कांवड़ यात्रा पर विवादास्पद टिप्पणी देना पड़ा भारी

मौलाना साजिश रशीदी पर FIR दर्ज, कांवड़ यात्रा पर विवादास्पद टिप्पणी देना पड़ा भारी

कांवड़ यात्रा के दौरान शिव भक्त कांवड़ियों पर आपत्तिजनक बयान देने वाले मौलाना साजिद रशीदी के विरुद्ध मुजफ्फरनगर की सिविल लाइन थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Maulana Sajid Rashidi fir- India TV Hindi
Image Source : PTI (फाइल फोटो) कांवड़ यात्रा पर विवादित बयान देने वाले मौलाना साजिश रशीदी पर एफआईआर दर्ज।

कांवड़ यात्रा के दौरान शिव भक्त कांवड़ियों पर आपत्तिजनक बयान देने वाले मौलाना साजिद रशीदी के विरुद्ध मुजफ्फरनगर की सिविल लाइन थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। दरअसल, बीते शुक्रवार को हिंदू संघर्ष समिति के कार्यकर्ताओं की तरफ से एक लिखित शिकायती पत्र मुस्लिम धर्मगुरु मौलाना साजिद रशीदी के विरुद्ध पुलिस को दिया गया था। जिस पर पुलिस ने तुरंत इस मामले में मौलाना के विरुद्ध गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

मंत्री कपिल देव अग्रवाल का मौलाना पर पलटवार

आपको बता दें कि शिवभक्त कांवड़ियों पर दिए गए मौलाना साजिद रशीदी के इस बयान की चौतरफा निंदा हो रही है। जिसको लेकर इस मामले में यूपी सरकार में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने भी मौलाना पर पलटवार करते हुए कहा है कि जिस मौलाना ने कांवड़ यात्रा को बदनाम करने के लिए ये बयान दिया है उसे पागलखाने में भर्ती करा देना चाहिए।

मंत्री ने मुस्लिम समाज से की अपील

साथ ही, मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि मैं चाहूंगा कि मुस्लिम समाज के जिम्मेदार लोग इसको पागलखाने में भर्ती करवा दें। ऐसे असामाजिक तत्व को अगर उसका समाज ही रोके तो अच्छा रहेगा। अन्यथा ऐसे लोगों पर पुलिस कार्रवाई करेगी। कांवड़ यात्रा करने वाले लोग करीब दो से ढाई सौ किलोमीटर का सफर तय करते हैं लेकिन अब उन्हें बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।

पुलिस ने मौलाना के खिलाफ शुरू की तफ्तीश

बहरहाल, इस मामले को लेकर जहां एसएसपी मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा ने बताया कि मौलाना साजिद रशीदी ने एक वीडियो जारी करके कुछ वक्तव्य दिए थे, जिसमें इन्होंने कुछ ऐसी बातें कही थीं जिस पर आपत्ति थी। मौलाना का बयान कांवड़ियों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला था। उसके संदर्भ में मुजफ्फरनगर में मुकदमा दर्ज किया गया है और उसकी तफ्तीश की जा रही है।

पुलिस ने दिया कानूनी कार्रवाई का आश्वासन

एसएसपी ने आगे कहा कि इसमें जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। जान लें कि सावन के इस महीने में बड़ी संख्या में लोग कांवड़ यात्रा कर रहे हैं। इससे पहले, मुजफ्फरनगर में बुर्का पहने दो मुस्लिम महिलाओं की कांवड़ यात्रा चर्चा का विषय बन गई थीं। वे दोनों हरिद्वार से गंगाजल लेकर पहुंची थीं।

(इनपुट- योगेश त्यागी)

ये भी पढ़ें- कांवड़ यात्रा के दौरान SDRF की मुस्तैदी, तेज बहाव में फंसे 18 शिवभक्तों को किया रेस्क्यू