A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. गाजियाबाद: बिल्डर के ऑफिस के बाहर बदमाशों ने चलाई गोली, सीसीटीवी में कैद हुई घटना

गाजियाबाद: बिल्डर के ऑफिस के बाहर बदमाशों ने चलाई गोली, सीसीटीवी में कैद हुई घटना

गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र में मास्टर पार्क स्थित पाल बिल्डर के ऑफिस के बाहर से स्कूटी पर सवार दो लोगो ने फायरिंग की। गोली दीवार में लगी और बिल्डर बाल-बाल बच गए। इस घटना के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।

Builder office firing- India TV Hindi
Image Source : AP बिल्डर के ऑफिस में हुई फायरिंग

गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां 20 जून को देर रात एक स्थानीय बिल्डर के ऑफिस पर अज्ञात बदमाशों ने सरेआम फायरिंग कर दी। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। गनीमत यह रही कि इस हमले में किसी को गोली नहीं लगी और एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यह पूरी वारदात  बिल्डर के ऑफिस के बाहर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है।

ऑफिस के बाहर से बदमाशों ने की फायरिंग

यह मामला खोड़ा के मास्टर पार्क इलाके का है। पीड़ित सीताराम, जो इलाके में 'पाल बिल्डर' के नाम से जाने जाते हैं, शनिवार की रात अपने ऑफिस में बैठे हुए थे। सीताराम के मुताबिक, उसी दौरान नीले रंग की स्कूटी पर सवार होकर दो अज्ञात युवक वहां पहुंचे। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, स्कूटी पर बैठे युवक ने सीधे सीताराम को निशाना बनाते हुए एक राउंड फायरिंग कर दी। गोली की आवाज सुनते ही दफ्तर और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद दोनों आरोपी स्कूटी से तेजी से फरार हो गए।

सीसीटीवी में कैद हुई घटना

फायरिंग की यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह दोनों युवक स्कूटी से आते हैं और गोली चलाकर भाग जाते हैं। पुलिस ने इस फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से बदमाशों के चेहरे और स्कूटी के नंबर की पहचान करने की कोशिश की जा रही है, ताकि उनकी लोकेशन का पता लगाया जा सके। घटना की सूचना मिलते ही खोड़ा थाना पुलिस तुरंत दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और पीड़ित बिल्डर सीताराम से मामले की पूरी जानकारी ली। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए आसपास के रास्तों पर लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को भी खंगालना शुरू कर दिया है।

मामले की जांच कर रही है पुलिस

फिलहाल, फायरिंग के पीछे की असली वजह क्या थी, इसका खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस रंजिश, रंगदारी और आपसी विवाद समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहराई से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान के लिए टीमें लगा दी गई हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

गाजियाबाद से ज़ुबैर अख्तर की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें

प्रतापगढ़ में थाने से मंदिर तक पहुंची प्रेम कहानी, सानिया और अमन ने रचाई शादी, पिता ने भी दिया आशीर्वाद

अयोध्या में 60 घंटे की जांच के बाद निकली SIT की टीम, चढ़ावा चोरी मामले में CM योगी को सौंपेगी रिपोर्ट