1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. प्रतापगढ़ में थाने से मंदिर तक पहुंची प्रेम कहानी, सानिया और अमन ने रचाई शादी, पिता ने भी दिया आशीर्वाद

प्रतापगढ़ में थाने से मंदिर तक पहुंची प्रेम कहानी, सानिया और अमन ने रचाई शादी, पिता ने भी दिया आशीर्वाद

 Written By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Jun 21, 2026 09:56 am IST,  Updated : Jun 21, 2026 10:03 am IST

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में एक प्रेमी जोड़े की शादी चर्चा का विषय बनी हुई है। दाऊदपुर गांव के रहने वाले सानिया बानो और अमन कुमार पिछले चार साल से एक-दूसरे से प्रेम करते थे, लेकिन परिवार के विरोध के कारण मामला पुलिस तक पहुंच गया। लंबी बातचीत के बाद दोनों का मंदिर में विवाह सम्पन्न हो गया।

Pratapgarh- India TV Hindi
प्रतापगढ़ में हुआ अनोखा विवाह Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले से एक दिलचस्प मामला सामने आया है। प्रेम संबंध को लेकर शुरू हुआ विवाद आखिरकार शादी में बदल गया। कई घंटों तक थाने में चली बातचीत के बाद दोनों परिवारों ने सहमति जताई और प्रेमी जोड़े ने मंदिर में विवाह कर लिया। इस शादी को एक मिसाल की तरह देखा जा रहा है। शादी का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह मामला पट्टी कोतवाली क्षेत्र के दाऊदपुर गांव का है। गांव की रहने वाली सानिया बानो और अमन कुमार पिछले करीब चार साल से एक-दूसरे को जानते थे और उनके बीच प्रेम संबंध था। दोनों के घर भी एक-दूसरे से ज्यादा दूर नहीं हैं। जब परिवार वालों को इस रिश्ते की जानकारी हुई तो विरोध शुरू हो गया।

थाने में कई घंटे चली बातचीत

बात बढ़ने पर युवती के पिता खुर्शीद आलम ने पुलिस से शिकायत की। इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया और समझाने की कोशिश की। बताया जाता है कि थाने में करीब 6 घंटे तक पंचायत चली। पुलिस और स्थानीय लोगों ने दोनों परिवारों को समझाया और लड़का-लड़की की इच्छा का सम्मान करने की बात कही। इस दौरान लंबी बातचीत के बाद माहौल बदल गया। सानिया के पिता ने बेटी की खुशी को देखते हुए रिश्ते के लिए हामी भर दी। परिवार की सहमति मिलते ही दोनों पक्षों के बीच चल रहा तनाव खत्म हो गया।

दोनों परिवार की सहमति से हुई शादी

इसके बाद सानिया और अमन ने मंदिर में शादी कर ली। शादी के दौरान दोनों ने रीति-रिवाजों का पालन किया और अपने माता-पिता का आशीर्वाद भी लिया। बताया गया कि युवती ने शपथ पत्र देकर अपनी मर्जी से अमन को जीवनसाथी चुनने की बात कही, जबकि अमन ने भी जीवनभर साथ निभाने का वादा किया। भविष्य में किसी तरह का विवाद न हो, इसके लिए दोनों ने पहले से ही नोटरी के माध्यम से जरूरी दस्तावेज और हलफनामा भी तैयार कराया था। इसमें साफ लिखा गया था कि यह विवाह दोनों की सहमति से हो रहा है। अब इस शादी की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।