गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में 25 साल का एक युवक बुधवार को नहर के पास रजाई के कवर में बंधा हुआ मिला। बताया जा रहा है कि युवक पिछले दो दिनों से लापता था। ग्रामीणों ने उसे बेहोशी की हालत में देखा और पुलिस को सूचना देने के साथ अस्पताल पहुंचाया। युवक के परिवार ने प्रेम प्रसंग को लेकर उसके साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस के मुताबिक, राम प्रवेश साहनी को सहजनवां थाना क्षेत्र के कोटिया नहर के पास ग्रामीणों ने देखा। नहर के पास रजाई का एक कवर पड़ा हुआ था। ग्रामीणों को शक हुआ तो उन्होंने कवर खोला जिसके अंदर राम प्रवेश बेहोशी की हालत में बंधा हुआ मिला।
लड़की के साथ प्रेम संबंध की बात सामने आई
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसके बाद ग्रामीणों ने युवक को बाहर निकाला और इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां से उसकी हालत को देखते हुए उसे आगे इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, राम प्रवेश का उसी गांव की एक लड़की के साथ प्रेम संबंध बताया जा रहा है। युवक के परिवार का आरोप है कि वह लड़की के घर पर पकड़ा गया था। इसके बाद लड़की के परिवार के सदस्यों ने उसके साथ मारपीट की और उसे रजाई के कवर में बांधकर नहर के पास छोड़ दिया। हालांकि, पुलिस अभी पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।
सोमवार रात से ही था लापता राम प्रवेश
परिवार के मुताबिक, राम प्रवेश सोमवार रात से लापता था। काफी तलाश के बाद जब उसका पता नहीं चला तो परिवार ने मंगलवार को पुलिस से संपर्क किया और गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। सहजनवां थाना प्रभारी संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि परिवार की शिकायत के आधार पर FIR दर्ज कर ली गई है। उन्होंने कहा,
'प्रारंभिक जांच में यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ लग रहा है। आगे की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।'
पुलिस अब युवक के साथ हुई घटना, मारपीट के आरोप और उसे नहर के पास छोड़ने से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। (PTI से इनपुट्स के साथ)
ये भी पढ़ें: परिवार के खौफ के बावजूद मुस्लिम युवती ने धर्म बदलकर हिंदू युवक से शादी की, अब लगाई सुरक्षा की गुहार, जानें मामला