1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. प्रेमी से मिलने में बन रहा था रोड़ा, मुरादाबाद में मां ने ही ले ली 2 साल के मासूम की जान

प्रेमी से मिलने में बन रहा था रोड़ा, मुरादाबाद में मां ने ही ले ली 2 साल के मासूम की जान

मुरादाबाद से एक बड़ी खबर सामने आई है। एक महिला पर अपने दो साल के बेटे की गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगा है। पुलिस की पूछताछ में महिला ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है।

moradabad- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT मुराबादबाद में महिला ने की 2 साल के बच्चे की हत्या

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। यहां एक मां पर अपने ही दो साल के बेटे की हत्या करने का आरोप लगा है। पुलिस के अनुसार, महिला ने पूछताछ में कबूल किया कि बच्चा उसके प्रेमी से मिलने और उसके साथ बाहर जाने में रुकावट बनता था। इसी वजह से उसने मासूम का गला घोंटकर उसकी जान ले ली। यह मामला मुरादाबाद के मूंढापांडे थाना क्षेत्र के सहरिया गांव का है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला मीनू के चार बच्चे हैं। उसका सबसे छोटा बेटा महज दो साल का था। महिला का पति सुरेंद्र ट्रक चालक है और काम के कारण अक्सर घर से बाहर रहता है।

महिला ने बच्चे की गला दबाकर की हत्या

पुलिस जांच में सामने आया कि महिला के एक युवक से प्रेम संबंध थे। जब भी वह उससे मिलने या उसके साथ बाहर जाने की कोशिश करती, तो उसका छोटा बेटा भी साथ चलने की जिद करता था। महिला को यह बात पसंद नहीं थी। पुलिस का कहना है कि इसी कारण उसने बच्चे की गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना के बाद महिला ने परिवार और आसपास के लोगों को बताया कि बच्चे की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। उसने दावा किया कि बच्चे को खून की उल्टी हुई, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

महिला ने कबूला गुनाह

बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार के अन्य लोग भी वहां पहुंचे। उन्होंने मासूम के गले पर संदिग्ध निशान देखे, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और शक के आधार पर मां से पूछताछ शुरू की। पूछताछ के दौरान महिला ने कथित तौर पर पूरी घटना कबूल कर ली।

SP सिटी कुंवर रणविजय सिंह ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। पूछताछ में महिला ने अपने बेटे की हत्या करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में इस्तेमाल किया गया सामान भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में एक अन्य व्यक्ति की भूमिका की भी जांच की जा रही है। यदि उसकी संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

(रिपोर्ट: राजीव शर्मा)

यह भी पढ़ें:

लखनऊ: बीच सड़क पर शख्स ने महिला पर चाकू से किया हमला, सामने आया VIDEO; आरोपी फरार

लखनऊ के पत्रकारपुरम चौराहे के पास मारपीट और फायरिंग, एक युवक की पीठ में गोली लगी, मचा हड़कंप