1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. लखनऊ के पत्रकारपुरम चौराहे के पास मारपीट और फायरिंग, एक युवक की पीठ में गोली लगी, मचा हड़कंप

लखनऊ के पत्रकारपुरम चौराहे के पास मारपीट और फायरिंग, एक युवक की पीठ में गोली लगी, मचा हड़कंप

 Reported By: Ruchi Kumar Edited By: Rituraj Tripathi
 Published : Jun 28, 2026 11:27 pm IST,  Updated : Jun 28, 2026 11:27 pm IST

लखनऊ के पत्रकारपुरम चौराहे के पास मारपीट और फायरिंग की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। इस मामले में पुलिस एक्शन मोड में आ गई है।

Lucknow- India TV Hindi
पत्रकारपुरम चौराहे के पास फायरिंग से हड़कंप Image Source : REPORTER INPUT

लखनऊ: यूपी की राजधानी लखनऊ से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां के पत्रकारपुरम चौराहे के पास मारपीट और फायरिंग की घटना हुई है। इस घटना में एक युवक की पीठ में गोली लगी है। घायल युवक को हॉस्पिटल ले जाया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

क्या है पूरा मामला?

लखनऊ के पत्रकारपुरम चौराहे पर मनीष इटिंग प्वाइंट पर विवाद के दौरान फायरिंग हुई है, जिसमें एक कर्मचारी गोली लगने से घायल हुआ है। अखिलेश नाम के युवक को पीठ में गोली लगी है। उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।

बताया जा रहा है कि पहले चाकूबाजी हुई, जिसका पीड़ित पक्ष थाने पहुंचा। इस दौरान बदमाश वापस लौटे और फायरिंग कर दी। मौके पर पुलिस बल मौजूद है। घटना से आक्रोशित लड़कों ने सड़क जाम कर दी।

पुलिस ने क्या बताया?

पुलिस ने बताया कि शाम 7 बजे के करीब थाना गोमतीनगर क्षेत्रान्तर्गत पत्रकारपुरम चौराहे के पास मनीष ईटिंग प्वाइंट के पास अंकित राठौर अपने साथी राम मोहन दीक्षित के साथ चाय की दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान प्रणव शुक्ला, अभय प्रताप सिंह, विष्णु स्वरूप द्विवेदी और उनके अन्य  6-7 साथी वहां पहुंचे और किसी बात को लेकर अंकित राठौर एवं उसके साथियों के साथ मारपीट करने लगे।

पुलिस ने बताया कि सूचना प्राप्त होते ही थाना गोमतीनगर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।  पुलिस को मौके पर देखकर अधिकांश आरोपी फरार हो गए, जबकि प्रणव शुक्ला को मौके से हिरासत में ले लिया गया। घटना में प्रणव शुक्ला और राम मोहन दीक्षित को चोटें आई हैं, जिन्हें चिकित्सीय परीक्षण एवं उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस ने बताया कि प्रारम्भिक कार्रवाई के दौरान ही अभय प्रताप सिंह अपने अन्य साथियों के साथ दोबारा मौके पर आया और बाइकों से जाते समय फायरिंग की। इस दौरान मनीष ईटिंग प्वाइंट में कार्यरत रसोइया अखिलेश की पीठ में गोली लग गई। घायल को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति सामान्य एवं खतरे से बाहर है।

पुलिस ने बताया कि घटना के संबंध में तहरीर प्राप्त की जा रही है। पुलिस द्वारा घटनास्थल एवं आसपास के सीसीटीवी फुटेज का गहन परीक्षण किया जा रहा है। फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीमों का गठन कर दबिश दी जा रही है। प्रकरण में प्राप्त तहरीर एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

ये भी पढ़ें- 

लखनऊ: बीच सड़क पर शख्स ने महिला पर चाकू से किया हमला, सामने आया VIDEO; आरोपी फरार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।