उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। दिल्ली से अपने घर बिहार जा रहे एक परिवार का 9 महीने का मासूम बच्चा चलती ट्रेन की इमरजेंसी खिड़की से नीचे गिर गया। हादसे के समय मां सो रही थी, जिससे उसे बच्चे के गिरने का पता ही नहीं चला। लगभग 24 घंटे से अधिक समय तक चले व्यापक खोजबीन अभियान के बाद बच्चे का शव रेलवे ट्रैक के किनारे मिला। वे सीमांचल एक्सप्रेस के एस-1 कोच की सीट नंबर 61 और 64 पर सफर कर रहे थे।
ट्रेन सफर के दौरान गायब हुआ 9 महीने का कनिष्क
बिहार के बेगूसराय जिले के रहने वाले मोहन कुमार दिल्ली में एक वकील के पास मुंशी का काम करते हैं। वे अपनी पत्नी काजल और 9 महीने के बेटे कनिष्क के साथ सीमांचल एक्सप्रेस ट्रेन से अपने गांव जा रहे थे। बताया जा रहा है कि कानपुर स्टेशन से ट्रेन रवाना होने के बाद करीब सवा तीन बजे काजल अपनी सास से फोन पर बात करने के बाद बच्चे को लेकर मिडिल बर्थ पर सो गई। बर्थ के ठीक बगल में इमरजेंसी विंडो खुली हुई थी। इसी दौरान मोहन ट्रेन के गेट की तरफ चले गए। करीब 4:17 बजे जब मोहन सीट पर लौटे तो पत्नी को अकेले सोते देखा और बर्थ पर बच्चा नहीं था।
पुलिस और जीआरपी का 24 घंटे का सर्च ऑपरेशन
बच्चे को गायब देख दंपति घबरा गए और पूरी ट्रेन में उसकी तलाश की। जब बच्चा नहीं मिला, तो परिजनों को आशंका हुई कि नींद में खिसककर बच्चा खुली इमरजेंसी खिड़की से बाहर गिर गया है। इसके बाद उन्होंने तुरंत प्रयागराज जीआरपी को मामले की सूचना दी। सूचना मिलते ही जीआरपी, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस की टीमों ने कानपुर से प्रयागराज के बीच रेलवे ट्रैक पर बड़ा तलाशी अभियान शुरू किया। लगातार खोजबीन के बाद शनिवार दोपहर फतेहपुर के फैजुल्लापुर स्टेशन के पास ट्रैक किनारे मासूम का शव बरामद हुआ।
भिटौरा घाट पर हुआ अंतिम संस्कार
मासूम कनिष्क का शव मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। रविवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस सुरक्षा के बीच फतेहपुर के भिटौरा गंगा घाट पर मासूम का अंतिम संस्कार कर दिया गया। रोती-बिलखती मां काजल ने बताया कि खिड़की खुली होने के कारण बच्चा कब सरककर बाहर गिर गया, उन्हें इसका अंदाजा ही नहीं लगा।
फतेहपुर से उमेश चन्द्रा की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें
चिता पर महिला के जिंदा होने का दावा, वापस ले गए परिजन, 3 डॉक्टरों से जांच कराने के बाद किया अंतिम संस्कार
यूपी से हैरान करने वाली खबर, जिस महिला को मृत समझकर किया था अंतिम संस्कार, वो 5 साल बाद जिंदा लौटी