1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. मेरठ से सस्ते दाम में कट्टा लेकर मुजफ्फरनगर में ऑन डिमांड कर रहे थे सप्लाई, पुलिस ने दबोचे 3 युवक

मेरठ से सस्ते दाम में कट्टा लेकर मुजफ्फरनगर में ऑन डिमांड कर रहे थे सप्लाई, पुलिस ने दबोचे 3 युवक

मुजफ्फरनगर पुलिस ने ऐसे तीन आरोपियों को पकड़ा है जो मेरठ से सस्ते दाम में कट्टा खरीदकर मुजफ्फरनगर में जाकर बेचते थे। पुलिस ने इन तीनों को वाहन चेकिंग कौ दौरान पकड़ लिया।

Muzaffarnagar illegal arms smuggling case- India TV Hindi
Image Source : REPORTERS INPUT मेरठ से सस्ते दामों में अवैध हथियार खरीदकर ऑन डिमांड करते थे सप्लाई।

उत्तर प्रदेश की मुजफ्फरनगर पुलिस ने पढ़े-लिखे युवकों के एक ऐसे गैंग के 3 सदस्यों को गिरफ्तार किया है जो मेरठ जिले से अवैध हथियार खरीद कर आसपास के जिलों में सप्लाई कर मोटा मुनाफा कमाया करते थे। बताया जा रहा है कि पकड़े गए इन हथियार तस्करों में एक ने आईटीआई की है तो दूसरा बीए पास कर एसएससी की तैयारी कर रहा है। जबकि तीसरे ने भी 12th पास की है। आपको बता दें कि इन बेखौफ अभियुक्तों का कहना है कि जब तक अवैध हथियारों की डिमांड रहेगी तब तक वह इन्हें सप्लाई करते रहेंगे क्योंकि अवैध हथियारों की डिमांड बहुत ज्यादा है और इससे उनकी अच्छी खासी कमाई हो जाती है।

संदिग्ध वाहन की चेकिंग करते हुए पकड़े गए तस्कर

दरसअल, भोपा थाना पुलिस ने बुधवार रात संदिग्ध वाहन चेकिंग के दौरान ककराला रजवाहे की पुलिया से एक स्कूटी पर सवार मेरठ निवासी तीन युवकों रोहित, निखिल और विकास भाटी को गिरफ्तार किया। उनके पास से पुलिस ने 10 अवैध तमंचे, भारी मात्रा में जिंदा कारतूस और एक स्कूटी बरामद की।

हर कट्टा बेचने पर कमा रहे थे करीब 2 हजार रुपये

आलाधिकारियों की मानें तो पुलिस पूछताछ में इन तीनों अभियुक्तों का साफ तौर पर कहना है कि वह मेरठ से एक तमंचे को 5 हजार रुपये में खरीद कर आसपास के जिलों में 7 हजार रुपये का बेचते थे। और जब तक इन अवैध हथियारों की डिमांड रहेगी तब तक वह इन्हें सप्लाई करते रहेंगे क्योंकि इन अवैध हथियारों को बेचकर उनकी अच्छी खासी कमाई हो जाती है।

10 अवैध तमंचे और 15 जिंदा कारतूस बरामद

इस पूरे मामले की अधिक जानकारी देते हुए एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाड़िक ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जब वाहन चेकिंग चल रही थी। इसमें थाना भोपा पुलिस ने तीन अभियुक्त पकड़े, जिनके पास से 10 अवैध तमंचे, 15 जिंदा कारतूस और एक स्कूटी बरामद की गई है। यह तीनों अभियुक्त रोहित, निखिल और विकास हैं। तीनों ही मेरठ के रहने वाले हैं। और इनके ऊपर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

मेरठ से खरीदकर मुजफ्फरनगर में बेचते थे अवैध हथियार

जितना अभी पूछताछ में सामने आया है, वह ये है कि ये लोग मेरठ से खरीदकर मुजफ्फरनगर में अवैध हथियार बेचते थे। इनके फॉरवर्ड-बैकवर्ड लिंक की गहनता से जांच की जा रही है। और उसमें आगे जो भी लोग शामिल होंगे उनके ऊपर भी कार्रवाई की जाएगी। इनका अभी तक आपराधिक इतिहास संज्ञान में नहीं आया है।

(इनपुट- योगेश त्यागी)

ये भी पढ़ें- जीजा की हैवानियत और झांसे का सनसनीखेज खुलासा, पुलिस ने आरोपी समेत 3 लोगों पर FIR दर्ज की