1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. चलती स्कूल वैन में उठी आग की लपटें, VIDEO: मुजफ्फरनगर में 5 बच्चे झुलसे, सभी अस्पताल में भर्ती

चलती स्कूल वैन में उठी आग की लपटें, VIDEO: मुजफ्फरनगर में 5 बच्चे झुलसे, सभी अस्पताल में भर्ती

मुजफ्फरनगर में बच्चों से भरी एक स्कूल वैन में अचानक भीषण आग लग गई। गनीमत रही कि समय रहते बच्चों को वैन से बाहर निकालकर बचा लिया गया। हालांकि इस घटना में पांच बच्चे और वैन चालक झुलस गए।

school van fire- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT आग में पूरी तरह जलकर राख हो गई स्कूल वैन।

यूपी के मुजफ्फरनगर से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां शुक्रवार सुबह एक स्कूली वैन में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना थाना पुरकाजी क्षेत्र के ग्राम समसो की है, जहां आशीष इंग्लिश एकेडमी स्कूल के नन्हे-मुन्ने बच्चों को लेकर जा रही वैन में शॉर्ट सर्किट के कारण आग भड़क उठी।

चलती वैन से उठा धुएं का गुबार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वैन सड़क पर चल रही थी तभी अचानक उसमें धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। वाहन में सवार बच्चे घबराकर चिल्लाने लगे। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बच्चों को वैन से बाहर निकाला और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।

स्कूल प्रबंधन ने जताया दुख

आग इतनी तेजी से फैली कि वैन के अंदर बैठे पांच बच्चे और चालक झुलस गए। घटना की सूचना मिलते ही थाना पुरकाजी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया। सभी घायलों को पुलिस और परिजनों की सहायता से तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी स्थिति सामान्य बताई है। आशीष इंग्लिश एकेडमी के प्रबंधन ने घटना पर दुख व्यक्त किया है और कहा है कि वे घायल बच्चों के परिवारों के संपर्क में हैं तथा हर संभव मदद दे रहे हैं। 

हादसे का वीडियो आया सामने-

शॉर्ट-सर्किट से हुआ हादसा

पुलिस ने जली हुई वैन को अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। परिवहन विभाग और अग्निशमन विभाग के साथ समन्वय बनाकर आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और स्कूल वाहनों की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

(रिपोर्ट- योगेश त्यागी)

यह भी पढ़ें-

कम सैलरी से नाराज कर्मचारी ने करोड़ों का गोदाम फूंका, धधकती आग की भयावह फोटो हो रही वायरल

BJP नेता किरीट सोमैया के दफ्तर की नेमप्लेट में युवक ने लगा दी आग, सामने आया CCTV फुटेज