गाजियाबाद: एनसीआर में बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के लिए NCRTC नमो भारत ट्रेनों के 20 अतिरिक्त फेरे शुरू करने जा रहा है। बुधवार 4 नवंबर से दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ के मोदीनगर तक पूरे कॉरिडोर में ये अतिरिक्त सेवाएं संचालित होंगी। यह सेवा दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ के मोदीपुरम तक पूरे नमो भारत कॉरिडोर पर संचालित होगी। इसका उद्देश्य लोगों को निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना है। इससे दीपावली पर भीड़ बढ़ने पर यात्रियों को राहत मिलेगी।
प्रदूषण नियंत्रण को लेकर बड़ी पहल
NCRTC के अनुसार, दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 397 तक पहुंच गया है। वहीं, नमो भारत कॉरिडोर के प्रमुख शहर गाजियाबाद और मेरठ में भी हवा की गुणवत्ता बेहद खराब से गंभीर श्रेणी में बनी हुई है। प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए दिल्ली में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप)-2 लागू किया गया है। इसके अलावा एक नवंबर से कुछ श्रेणियों के वाहनों के दिल्ली में प्रवेश पर भी प्रतिबंध लगाया गया है।
सराय काले खां से मोदीनगर तक 20 अतिरिक्त फेरे
NCRTC का कहना है कि नमो भारत कॉरिडोर को दिल्ली मेट्रो, भारतीय रेलवे, अंतरराज्यीय बस अड्डों और सिटी बस सेवाओं से जोड़ा गया है। सराय काले खां, आनंद विहार, न्यू अशोक नगर और गाजियाबाद जैसे प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों को परिवहन के विभिन्न साधनों की कनेक्टिविटी मिलती है। इसके साथ ही स्टेशनों पर पार्किंग की सुविधा भी उपलब्ध है। नमो भारत कनेक्ट ऐप के माध्यम से यात्री पार्किंग की उपलब्धता की लाइव जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इससे उन्हें टिकट बुक करने से पहले अपनी यात्रा की बेहतर योजना बनाने में मदद मिलती है।
Image Source : reporter inputनमो भारत मेट्रो।
निजी वाहनों का इस्तेमाल घटाने पर जोर
अतिरिक्त फेरे बढ़ाने के पीछे यात्रियों को सार्वजनिक परिवहन की ओर प्रोत्साहित करना है, ताकि निजी वाहनों पर निर्भरता कम हो सके। NCRTC के मुताबिक, अतिरिक्त फेरों से यात्रियों को अधिक सुविधाजनक और भरोसेमंद यात्रा विकल्प मिलेगा। साथ ही निजी वाहनों पर निर्भरता कम होने से प्रदूषण नियंत्रण के प्रयासों को भी मदद मिलेगी।
बढ़ते प्रदूषण के बीच सुविधाजनक, भरोसेमंद और पर्यावरण के अनुकूल परिवहन विकल्प उपलब्ध कराना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है।
(रिपोर्ट- जुबैर अख्तर)
यह भी पढ़ें-
प्रदूषण के खिलाफ दीया मिर्जा का वीडियो फिर अपलोड करने का आदेश, बॉम्बे हाईकोर्ट ने कहा- 'भारत एक धर्मनिरपेक्ष देश'