1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. संभल में एक और नया विवाद, हिरासत में शख्स की हुई मौत, पुलिस पर लगे गंभीर आरोप

संभल में एक और नया विवाद, हिरासत में शख्स की हुई मौत, पुलिस पर लगे गंभीर आरोप

संभल के राया सत्ती पुलिस चौकी में हिरासत में लिए गए एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पत्नी का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें दवा भी नहीं लेने दी और गिरफ्तार कर लिया।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
Image Source : PEXELS प्रतीकात्मक फोटो

उत्तर प्रदेश के संभल जिले के नखासा थाना क्षेत्र स्थित राया सत्ती पुलिस चौकी में पुलिस हिरासत में एक शख्स की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक का नाम इरफान (45) है, जो थाना क्षेत्र के खग्गू सराय का निवासी था। इरफान के परिजनों ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने उसे दवा नहीं लेने दी, जिसकी वजह से उसकी मौत हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा। 

मामला क्या है?

दरअसल, सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे शफीक बेगम नामक महिला ने नखासा थाना क्षेत्र के राया सत्ती पुलिस चौकी में एक प्रार्थना पत्र दिया। महिला का दावा था कि उसने अपने भतीजे इरफान के जरिए किसी व्यक्ति को छह लाख रुपये दिए थे। हालांकि, जिस व्यक्ति को पैसे देने का दावा किया गया है, उसका कहना है कि उसे पैसे नहीं मिले हैं। पुलिस ने इस गंभीर आरोप के बाद मामले की जांच के लिए इरफान को पुलिस चौकी बुलवाया।

हिरासत में बिगड़ी तबीयत

पुलिस के अनुसार, इरफान ने चौकी में यह कहा कि उसे अपनी दवाइयां लेने की आवश्यकता है और पुलिस ने उसे दवा लेने की अनुमति दी। इसके बाद इरफान ने सीने में दर्द की शिकायत की और उसे तुरंत उसके बेटे के साथ अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि इरफान की मौत संभवतः हृदयाघात से हुई है।

पुलिस अधिकारी क्या बोले?

संभल पुलिस के अधीक्षक (एसपी) कृष्ण कुमार ने मामले को लेकर कहा कि इरफान के दवा न लेने के आरोप पूरी तरह से निराधार हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस चौकी पर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं और फुटेज में दिख रहा है कि पुलिस ने इरफान को पानी दिया, जिससे उसने दवा ली। इसके बाद वह खुद चलकर गिर गया। एसपी ने यह भी कहा कि पुलिस चौकी प्रभारी ने इरफान को दवा लेने के लिए खुद अनुमति दी थी।

मृतक की पत्नी का आरोप

हालांकि, मृतक की पत्नी रेशमा ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनके बीमार पति को गिरफ्तार किया और उन्हें दवा लेने का मौका नहीं दिया। रेशमा ने बताया कि उनके पति इरफान को मुरादाबाद में नाक की हड्डी का ऑपरेशन हुआ था और वे बीमारी से जूझ रहे थे। रेशमा ने यह भी बताया कि उनके पांच बच्चे हैं और उनका जीवन अब मुश्किलों से भरा हुआ है। (भाषा इनपुट के साथ)

ये भी पढ़ें-

डोनाल्ड ट्रंप ने शपथ लेते ही सहयोगियों को दिया झटका, पेरिस जलवायु समझौते पर किया बड़ा ऐलान

'राहुल गांधी के कारण गिरी दूध की बाल्टी', बिहार के शख्स ने नेता पर किया केस