1. Hindi News
  2. बिहार
  3. 'राहुल गांधी के कारण गिरी दूध की बाल्टी', बिहार के शख्स ने नेता पर किया केस

'राहुल गांधी के कारण गिरी दूध की बाल्टी', बिहार के शख्स ने नेता पर किया केस

 Published : Jan 21, 2025 06:22 am IST,  Updated : Jan 21, 2025 06:38 am IST

राहुल गांधी के खिलाफ एक शख्स ने स्थानीय अदालत में मुकदमा दर्ज कराया है। उसने आरोप लगाया है कि राहुल गांधी के कारण उसकी दूध की एक बाल्टी गिर गयी, जिसके कारण उसका नुकसान हुआ।

राहुल गांधी पर बिहार में केस।- India TV Hindi
राहुल गांधी पर बिहार में केस। Image Source : PTI/FREEPIK

बिहार के समस्तीपुर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शख्स ने कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के ऊपर केस दर्ज करवाया है। शख्स ने आरोप लगाया है कि राहुल गांधी के कारण उसकी दूध की एक बाल्टी गिर गई और उसका पैसों का नुकसान भी हुआ। शख्स ने बाल्टी गिरने का कारण राहुल गांधी द्वारा दिए गए 'इंडियन स्टेट के खिलाफ लड़ाई' वाले बयान को बताया है। आइए जानते हैं इस अजीबोगरीब मामले के बारे में सब कुछ।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, राहुल गांधी के खिलाफ समस्तीपुर जिले के मुकेश चौधरी नाम के एक शख्स ने स्थानीय अदालत में केस दर्ज कराया है। उसका आरोप है कि राहुल गांधी के कारण उसकी दूध की एक बाल्टी गिर गई और इससे उसका 250 रुपये का नुकसान हो गया। उसने राहुल गांधी के खिलाफ BNS की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा चलाने की मांग की है।

राहुल के बयान के कारण गिरा दूध- शख्स

याचिकाकर्ता मुकेश चौधरी ने जानकारी दी है कि बीते सप्ताह राहुल गांधी द्वारा 'इंडियन स्टेट के खिलाफ लड़ाई' वाला बयान सुनकर उसे झटका लगा है। मुकेश चौधरी ने बताया- "मैं इतने सदमे में था कि 50 रुपये प्रति लीटर की कीमत वाली पांच लीटर दूध से भरी मेरी बाल्टी मेरे हाथ से फिसल गई। राहुल गांधी देश की संप्रभुता को खतरे में डाल रहे थे।" याचिका में शख्स ने राहुल गांधी पर राजद्रोह समेत अन्य धाराओं में केस चलाने की मांग की है। हालांकि, अब तक इस बात की जानकारी नहीं मिली है कि अदालत ने शख्स की याचिका स्वीकार की है या नहीं।

क्या बोले थे राहुल गांधी?

दरअसल, राहुल गांधी ने बीते 15 जनवरी को कांग्रेस के नए मुख्यालय इंदिरा भवन में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया था। यहां राहुल गांधी ने कहा था- "भाजपा और RSS ने देश की सभी संस्थाओं पर नियंत्रण स्थापित कर लिया है, इसलिए अब कांग्रेस की लड़ाई सिर्फ भाजपा और आरएसएस के खिलाफ नहीं बल्कि 'इंडियन स्टेट' के खिलाफ भी है।" (इनपुट: भाषा)

ये भी पढे़ं- VIDEO: विदेशी मेम को भाया बिहारी दूल्हा, अमेरिका से आकर गांव में रचाई शादी, जमकर लगाए ठुमके

विधानसभा स्पीकर वासुदेव देवनानी की पटना में तबीयत बिगड़ी, विशेष विमान से राजस्थान रवाना

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।