1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. NIA-ATS की बड़ी कार्रवाई, राम मंदिर हमले की साजिश से जुड़े आरोपी मोहम्मद सुहैल को कर्नाटक से दबोचा

NIA-ATS की बड़ी कार्रवाई, राम मंदिर हमले की साजिश से जुड़े आरोपी मोहम्मद सुहैल को कर्नाटक से दबोचा

एनआईए-एटीएस की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए आरोपी को कर्नाटक से गिरफ्तार किया है। आरोपी यूपी के सहारनपुर जिले का रहने वाला है। वह कर्नाटक में पेंटर के रूप में छिपकर काम कर रहा था।

आरोपी मोहम्मद सुहैल- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT आरोपी मोहम्मद सुहैल

अयोध्या स्थित राम मंदिर को कथित तौर पर निशाना बनाने की साजिश से जुड़े मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) और आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त अभियान के तहत सुरक्षा एजेंसियों ने सहारनपुर जिले के रहने वाले मोहम्मद सुहैल को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, आरोपी लंबे समय से उनके रडार पर था और उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही थी।

पेंटर के रूप में कर रहा था काम

जानकारी के मुताबिक, मोहम्मद सुहैल को कर्नाटक के दावणगेरे से गिरफ्तार किया गया। बताया जा रहा है कि वह वहां अपनी पहचान छिपाकर पेंटर के रूप में काम कर रहा था। जांच के दौरान उसके पास से मिले डिजिटल उपकरणों और अन्य सामग्रियों से कई महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं, जिनकी गहन जांच की जा रही है।

कुछ तस्वीरों में हथियारों के साथ दिखा आरोपी

सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसियों को कुछ तस्वीरें भी मिली हैं, जिनमें आरोपी कथित तौर पर हथियारों के साथ दिखाई दे रहा है। इन तस्वीरों समेत अन्य डिजिटल साक्ष्यों की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है।

पाकिस्तान कनेक्शन की भी की जा रही जांच

प्रारंभिक जांच में आरोपी के संभावित विदेशी संपर्कों, विशेष रूप से कथित पाकिस्तान कनेक्शन की भी पड़ताल की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां यह जानने का प्रयास कर रही हैं कि उसके संबंध किन व्यक्तियों और संगठनों से थे तथा क्या वह किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा था। जांच में यह भी सामने आया है कि वह कुछ संदिग्ध ऑनलाइन समूहों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से जुड़ा हुआ था।

NIA को मिले थे खुफिया इनपुट

बताया जा रहा है कि NIA को प्राप्त खुफिया इनपुट के आधार पर यह कार्रवाई की गई। जांच एजेंसियों का दावा है कि आरोपी अयोध्या के राम मंदिर को निशाना बनाने की योजना से जुड़ा हो सकता है। हालांकि, मामले में अभी विस्तृत जांच जारी है और विभिन्न पहलुओं की जांच-पड़ताल की जा रही है।

वित्तीय लेन-देन की भी जुटाई जा रही जानकारी

उधर, उत्तर प्रदेश में भी सुहैल के संपर्कों और गतिविधियों की जांच तेज कर दी गई है। सुरक्षा एजेंसियां सहारनपुर समेत प्रदेश के अन्य जिलों में उसके संभावित नेटवर्क, सहयोगियों और वित्तीय लेन-देन की जानकारी जुटाने में लगी हैं।

खालिद हसन की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें: 

यूपी के बहराइच में चोरों और पुलिस के बीच मुठभेड़, गोली लगने से हिस्ट्रीशीटर बदमाश घायल

रामलला के चढ़ावे में चोरी के खुलासे के बाद बड़ा बदलाव, काउंटिंग सिस्टम पूरी तरह बदला