A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. नोएडा: शादी समारोह में पिस्टल लोड करते समय अचानक चली गोली, हर्ष फायरिंग में बाल-बाल बचे गेस्ट, VIDEO वायरल

नोएडा: शादी समारोह में पिस्टल लोड करते समय अचानक चली गोली, हर्ष फायरिंग में बाल-बाल बचे गेस्ट, VIDEO वायरल

नोएडा सेक्टर 93 बारात घर में एक शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग की गई। इस दौरान एक शख्स जब अपनी पिस्टल लोड कर रहा था, उसी समय फायर हो गया और अफरा-तफरी मच गई।

firing- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT पिस्टल लोड करते समय अचानक चली गोली

नोएडा: देश में हर साल हर्ष फायरिंग की वजह से तमाम लोग अपनी जान गंवा देते हैं। इसके बावजूद भी समारोहों में होने वाली हर्ष फायरिंग पर पूरी तरह बंदिश नहीं लगाई जा सकी है।

ताजा मामला नोएडा का है। यहां एक शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग की जा रही थी, इसी दौरान एक बड़ी घटना होते-होते बची।

क्या है पूरा मामला? 

मामला नोएडा सेक्टर 93 बारात घर का बताया जा रहा है। दरअसल नोएडा में हर्ष फायरिंग के मामले नहीं रुक रहे हैं। यहां शादी समारोह में पिस्टल को लोड करते समय अचानक गोली चल गई। इस दौरान बड़ा हादसा होने से बच गया। शादी में दबंग का खुलेआम गोली चलाते हुए वीडियो भी वायरल हुआ है।

अचानक गोली चलने से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस वायरल वीडियो की जांच में जुटी है। वायरल वीडियो फेस 2 थाना  क्षेत्र का बताया जा रहा है।

हालही में बुलंदशहर में भाजपा नेता को लगी थी गोली, हो गई मौत

बीते 28 नवंबर को ही बुलंदशहर से ये खबर सामने आई थी कि शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग में भाजपा नेता को गोली लग गई और उनकी मौत हो गई। चोला थाना क्षेत्र के खानपुर गांव में शादी समारोह के दौरान भाजपा नेता धर्मेंद्र भाटी को गोली लग गई और उनकी मौत हो गई।

चोला थाना क्षेत्र के खानपुर में अजयनगर से शिवम की बारात आई थी। इसी बारात में हर्ष फायरिंग ने एक शख्स की जान ले ली। ऐसी तमाम घटनाएं हर महीने घटती हैं लेकिन उसके बावजूद लोग हर्ष फायरिंग करने से बाज नहीं आते।

मेरठ में हर्ष फायरिंग से एक किशोरी की हुई थी मौत

बीते 25 नवंबर को खबर सामने आई थी कि मेरठ में भी एक शादी समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग की वजह से एक किशोरी की मौत हो गई थी। गली में बारात निकल रही थी और एक किशोरी अपनी छत से बारात देख रही थी। इसी दौरान हर्ष फायरिंग में गोली किशोरी के जा लगी और उसकी मौत हो गई। मामला श्यामनगर रोड स्थित 20 फूटा शौकत वाली गली का था।