1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. नोएडा की ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी में खूंखार कुत्ते का हमला, पालतू पग की मौत, VIDEO वायरल

नोएडा की ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी में खूंखार कुत्ते का हमला, पालतू पग की मौत, VIDEO वायरल

नोएडा के सेक्टर-93बी स्थित ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी में एक बड़े कुत्ते के हमले में छोटे पालतू कुत्ते की मौत हो गई। रामपुर ग्रेहाउंड नस्ल के कुत्ते ने महिला और उसके पालतू ब्लैक पग पर हमला कर दिया।

Noida- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT नोएडा की ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी में खूंखार कुत्ते का हमला

नोएडा की एक हाईराइज सोसाइटी में सुबह की सैर के दौरान ऐसा खौफनाक वाकया हुआ, जिसने सुरक्षा को लेकर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। सेक्टर-93बी की ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी में एक बड़े कुत्ते ने महिला के साथ टहल रहे उसके छोटे पालतू पग पर हमला कर दिया। हमले के दौरान महिला भी अपना संतुलन खोकर जमीन पर गिर गई। बड़े कुत्ते ने पग को जबड़े में दबाकर बुरी तरह घायल कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और पुलिस ने भी इसका संज्ञान लिया है।

मिली जानकारी के मुताबिक, घटना के समय सोसाइटी में लोग सुबह की सैर कर रहे थे। इसी दौरान एक महिला अपने पालतू ब्लैक पग को लेकर टहल रही थी। तभी रामपुर ग्रेहाउंड नस्ल का एक बड़ा कुत्ता अपने मालिक के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि कुत्ते के मुंह पर मजल यानी सुरक्षा कवच नहीं लगा था। अचानक उसने महिला और उसके पालतू कुत्ते पर हमला कर दिया। हमले से घबराई महिला खुद को संभाल नहीं सकी और जमीन पर गिर गई।

बिना मजल के टहलाया जा रहा था कुत्ता

घटना का करीब सवा दो मिनट का वीडियो सामने आया है। इसमें बड़ा कुत्ता छोटे पग को अपने जबड़े में दबाए दिखाई देता है। महिला अपने पालतू को बचाने के लिए संघर्ष करती है। आसपास मौजूद लोग भी कुत्ते को हटाने और पग को उसके चंगुल से छुड़ाने की कोशिश करते हैं, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका। इस घटना के बाद सोसाइटी में पालतू कुत्तों को खुले में घुमाने और उनकी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। खासकर बड़े और ताकतवर कुत्तों को सार्वजनिक जगहों पर टहलाते समय जरूरी सावधानियों का पालन करने की जरूरत पर सवाल उठ रहे हैं।

पुलिस ने वायरल वीडियो का लिया संज्ञान

मामले में फेज-2 थाना पुलिस का कहना है कि अभी तक कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। हालांकि, पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो का स्वतः संज्ञान लिया है। पुलिस के मुताबिक, शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घटना को लेकर पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

(रिपोर्ट: राहुल ठाकुर)

यह भी पढ़ें:

शराब की खातिर बेटे ने कर दी मां की हत्या, फिर गंगा स्नान करने चला गया; लौट कर निहारता रहा शव

चाइनीज मांझे ने ली 2 बेटियों के पिता शोएब की जान, CM योगी ने दिया सख्त कार्रवाई का आदेश