1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. शराब की खातिर बेटे ने कर दी मां की हत्या, फिर गंगा स्नान करने चला गया; लौट कर निहारता रहा शव

शराब की खातिर बेटे ने कर दी मां की हत्या, फिर गंगा स्नान करने चला गया; लौट कर निहारता रहा शव

 Written By: Amar Deep
 Published : Oct 11, 2026 12:05 pm IST,  Updated : Oct 11, 2026 12:05 pm IST

फतेहपुर में एक शख्स ने शराब के लिए मां की हत्या कर दी। घटना के बाद वह गंगा स्नान करने चला गया। इसके बाद जब वह लौटा तो शव को निहारता रहा। मौके पर मौजूद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

मां की हत्या के आरोप में गिरफ्तार।- India TV Hindi
मां की हत्या के आरोप में गिरफ्तार। Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जिसे सुनकर लोगों का दिल दहल गया। यहां एक कलयुगी बेटे ने अपनी वृद्ध मां को फावड़े से मारकर मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद वह अपनी तड़पती मां को छोड़कर गंगा स्नान करने चला गया और वापस लौटकर खटिये में मां के शव को खड़ा होकर निहारने लगा, जिसे देखकर ग्रामीण अक्का बक्का रह गए। आपको बता दें बकेवर थाना क्षेत्र के दिलावलपुर मदरी मुरारपुर गांव में शराब के नशे में एक कलयुगी बेटे ने अपनी मां की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कम्प मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है।

शराब के लिए पैसे न देने पर हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार गांव निवासी 65 वर्षीय सावित्री देवी अपने 36 वर्षीय पुत्र राजू के साथ रहती थी। सावित्री विधवा थी। बताया जा रहा है कि राजू शराब पीने का आदी है और अक्सर शराब के लिए मां से पैसे मांगता था। इसी बात को लेकर दोनों में अक्सर झगड़ा होता था। चार दिन पहले ही राजू ने अपनी पत्नी रश्मि के साथ मारपीट की थी, जिसके बाद मायके वाले रश्मि को अपने साथ ले गए।

रात ढाई बजे फावड़े से किया वार

ग्रामीणों के अनुसार रात में राजू घर पर शराब के नशे में पहुंचा और मां से शराब पीने के लिए रुपये मांगने लगा। मना करने पर दोनों में कहासुनी हुई। आरोप है कि रात करीब ढाई बजे नशे में धुत राजू ने घर में रखे फावड़े के पिछले हिस्से से मां के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। सुबह पड़ोसियों ने चारपाई पर खून से लथपथ शव पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी।

हत्या के बाद गंगा स्नान करने गया राजू

मां का बेरहमी से कत्ल करने वाला आरोपी बेटा वारदात को अंजाम देने के बाद गांव से बाहर गांव किनारे स्थित रामगंगा नहर पर पहुंचा। वहीं उसने अपने एक दोस्त को फोन कर बुलाया और गंगा स्नान करने की बात कह उसके साथ चंद्रिका घाट बक्सर उन्नाव चला गया। गंगा स्नान करने के बाद घर वापस आया और घर पहुंच अपनी मां के शव को देखता रहा, जहां से पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया और थाने लेकर चली गई।

आरोपी के खिलाफ कार्रवाई जारी

इस पूरे मामले पर पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि आज सुबह करीब 9 बजे 112 पर सूचना मिली थी कि थाना बकेवर क्षेत्र के दिलावलपुर मदरी मुरारपुर गांव में सावित्री देवी की उनके पुत्र राजू ने भारी वस्तु से सिर पर प्रहार कर हत्या कर दी है। सूचना पर थाना बकेवर पुलिस मौके पर पहुंची। पूछताछ में पता चला कि राजू शराब पीने का आदी था और मां-बेटे में विवाद होता था। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर राजू ने कबूल किया कि रात ढाई बजे शराब के नशे में विवाद के बाद उसने फावड़े के पिछले हिस्से से वार कर मां की हत्या कर दी। दूसरे पुत्र की तहरीर के आधार पर राजू के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। (इनपुट- उमेश चंद्रा)

यह भी पढ़ें-

अहमदाबाद में खुले नाले में गिरी 9 साल की बच्ची, किराया दे रही थी मां तभी हुआ हादसा; तलाश में जुटी टीमें

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।