1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. नोएडा: पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़, 25-25 हजार के 2 इनामी गैंगेस्टर गिरफ्तार, एक पर 80 और दूसरे पर 60 मुकदमें

नोएडा: पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़, 25-25 हजार के 2 इनामी गैंगेस्टर गिरफ्तार, एक पर 80 और दूसरे पर 60 मुकदमें

नोएडा में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 25 हजार के इनामी बदमाश पकड़े गए हैं। इन पर तमाम मामले दर्ज हैं और ये वांटेड भी चल रहे थे।

Noida police- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV नोएडा में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़

नोएडा: नोएडा में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई है। इस दौरान 25-25 हजार के 2 इनामी गैंगेस्टर घायल हुए हैं और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। इन गैंगेस्टर्स की पहचान हरप्रीत उर्फ जस्सी और  हरप्रीत सिंह उर्फ हन्नी के रूप में हुई है। हरप्रीत उर्फ जस्सी पर 80 और हरप्रीत सिंह उर्फ हन्नी पर 60 मुकदमे दर्ज हैं।

क्या है पूरा मामला?

नोएडा में पुलिस और बदमाशों के बीच बिसरख थाना क्षेत्र के चेरी काउंटी के पास मुठभेड़ हुई है। इस मुठभेड़ में इनामी बदमाश हरप्रीत उर्फ जस्सी और हरप्रीत सिंह उर्फ हन्नी घायल हुए हैं। इन दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इन दोनों के खिलाफ तमाम मामले दर्ज हैं और ये वांटेड भी चल रहे थे। 

दरअसल थाना बिसरख पुलिस द्वारा चेकिंग के दौरान ये मुठभेड़ हुई। दोनों बदमाश मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहे थे लेकिन जब पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश घायल हो गए और पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन सिंह ने बताया कि हरप्रीत उर्फ प्रीत उर्फ जस्सी केअपराधों की लंबी सूची है, जिनमें चोरी, डकैती, हत्या के प्रयास और गैंगस्टर एक्ट के तहत मामले शामिल हैं। उत्तर पश्चिम दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में कई मामलों में पुलिस उसे तलाश रही थी। बिसरख थाना क्षेत्र में गैंगस्टर एक्ट के तहत मामला दर्ज है।

वहीं हरप्रीत सिंह उर्फ हन्नी नॉर्थ वेस्ट दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में कई गंभीर अपराधों में शामिल है। एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के मामलों में भी वांछित था। बिसरख थाना क्षेत्र में गैंगस्टर एक्ट के तहत मामला दर्ज है। 

डीसीपी के अनुसार, दोनों अपराधियों पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित था। इनके कब्जे से दो तमंचे, जिंदा और खोखा कारतूस और चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। अपराधियों के खिलाफ लूट, चोरी, हत्या के प्रयास और गैंगस्टर एक्ट सहित अन्य गंभीर अपराधों के करीब 70 से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब इस मामले में और जांच कर रही है।