उत्तर प्रदेश के लखनऊ में सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे ट्रिपल मर्डर की वारदात से सनसनी फैल गई। सआदतगंज थाना क्षेत्र के ब्राह्मण टोला, नौबस्ता में मामूली विवाद के बाद ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। गोली लगने से एक ही परिवार के तीन लोगों की जान चली गई। मृतकों में पिता शिवाजी तिवारी, उनका बेटा सुयश तिवारी और भाई शिवेंद्र तिवारी उर्फ शंभु शामिल हैं।
बरगद के पेड़ के पास कार खड़ी करने पर हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, शिवाजी तिवारी और उनके पड़ोसी ऋषभ शुक्ला के बीच घर के बाहर बरगद के पेड़ के पास चबूतरा बनवाने को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। सोमवार सुबह सुयश ने बरगद के पेड़ के नीचे अपनी कार खड़ी कर दी थी।
लखनऊ के पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा के मुताबिक, सुबह करीब 10:30 बजे शिवेंद्र तिवारी उर्फ शंभु मंदिर में जल चढ़ाने गए थे। इसी दौरान ऋषभ शुक्ला से उनका विवाद हो गया। झगड़े की आवाज सुनकर शिवाजी तिवारी घर से बाहर निकले। आरोप है कि ऋषभ ने पहले शंभु और शिवाजी तिवारी को गोली मार दी। गोलियों की आवाज सुनकर सुयश भी बाहर आए तो उन पर भी फायरिंग कर दी गई।
पिता और बेटे की मौके पर मौत, चाचा ने अस्पताल में तोड़ा दम
गोली लगने से शिवाजी तिवारी और सुयश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल शिवेंद्र तिवारी उर्फ शंभु ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके के लोग भी दहशत में हैं।
5 दिसंबर को होनी थी सुयश की शादी, एक दिन पहले घर में हुई थी पूजा
इस हत्याकांड ने परिवार की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। सुयश तिवारी की शादी आगामी 5 दिसंबर को होनी थी। शादी की तैयारियां चल रही थीं और घटना से एक दिन पहले ही घर में पूजा रखी गई थी। इसमें परिवार के सदस्य और रिश्तेदार शामिल हुए थे। घर में शादी को लेकर खुशियों का माहौल था, लेकिन अगले ही दिन तीन लोगों की हत्या से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिस घर में शादी की रस्मों की तैयारी हो रही थी, वहां अब चीख-पुकार और मातम पसरा है।
पुलिस ने आरोपी ऋषभ शुक्ला को पकड़ा
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी ऋषभ शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, घटना में इस्तेमाल पिस्टल और चार खोखे भी बरामद किए गए हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। बताया जा रहा है कि ऋषभ शुक्ला मर्चेंट नेवी में काम कर चुका है।
चबूतरे को लेकर विवाद का दावा, परिजनों ने की एनकाउंटर और बुलडोजर की मांग
शिवेंद्र तिवारी उर्फ शंभु की बेटी का कहना है कि ऋषभ शुक्ला चबूतरा बनवाने को लेकर विवाद करता था, जबकि उनके मुताबिक चबूतरा सभासद की ओर से बनवाया जा रहा था। परिजनों का आरोप है कि इसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और रिश्तेदारों ने आरोपी का एनकाउंटर करने और उसके घर पर बुलडोजर चलाने की मांग की है। परिवार आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई चाहता है।
RSS से भी जुड़े रहे थे शिवाजी तिवारी
मृतक शिवाजी तिवारी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से भी जुड़े रहे थे। एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या से इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के पीछे के विवाद से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।
ये भी पढ़ें:-
राहुल गांधी के काफिले की कई गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुआ हादसा, कई लोग घायल