1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी में Operation Conviction हिट, नाबालिग बेटी से रेप के दोषी पिता को केस दर्ज होने के बाद 114 दिनों में सजा मिली

यूपी में Operation Conviction हिट, नाबालिग बेटी से रेप के दोषी पिता को केस दर्ज होने के बाद 114 दिनों में सजा मिली

यूपी में ऑपरेशन कनविक्शन की वजह से पीड़ितों को जल्द न्याय मिल पा रहा है और अपराध के दोषियों को जल्द सजा दिलवाई जा रही है।

UP Police- India TV Hindi
Image Source : X/@UPPOLICE यूपी में ऑपरेशन कनविक्शन हिट

Highlights

  • यूपी में Operation Conviction का दिख रहा प्रभाव
  • नाबालिग बेटी से रेप के दोषी पिता को मिली सजा
  • केस दर्ज होने के बाद 114 दिनों में मिली सजा

लखनऊ: यूपी में ऑपरेशन कनविक्शन हिट हो रहा है। इस ऑपरेशन को सीएम योगी के निर्देश पर राज्य के डीजीपी राजीव कृष्ण द्वारा चलाया जा रहा है। इस ऑपरेशन की वजह से पीड़ितों को जल्द न्याय सुलभ हो रहा है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हो रही है।

रेप के दोषी पिता को दिलवाई जल्द सजा

यूपी पुलिस ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर बताया, "यूपी के सीएम के निर्देशानुसार डीजीपी राजीव कृष्ण द्वारा प्रदेश में चलाए जा रहे ऑपरेशन कनविक्शन के तहत सीतापुर पुलिस की वैज्ञानिक जांच तथा पुलिस-अभियोजन की मजबूत पैरवी से अपनी नाबालिग बेटी से दुष्कर्म के दोषी पिता को मामला दर्ज होने के केवल 114 दिनों में सज़ा मिली। पुलिस ने 10 दिन में आरोप-पत्र दाखिल किया और टूटे बटन, बाल व कपड़ों से मिले अहम सबूतों की FSL जांच तथा मेडिकल रिपोर्ट से अपराध की पुष्टि हुई। विशेष POCSO कोर्ट ने दोषी को अंतिम सांस तक कारावास और ₹20 हजार अर्थदंड की सजा सुनाई। जांच में बारीकी। पैरवी में मजबूती। न्याय में तेजी।"

क्या थी घटना?

सीतापुर में 17 मई 2026 को कमलापुर थाना क्षेत्र की एक पीड़िता की मां के द्वारा थाने में ये तहरीर दी गई थी कि उसके पति ने अपनी 13 साल की नाबालिग बेटी का रेप किया है। ये घटना तब घटी जब पिता, अपनी बेटी को बुआ से घर ले लेकर आ रहा था। रास्ते में उसने बेटी को डराया-धमकाया और गन्ने के खेत के पास रेप किया। इस घटना की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो और अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया। 

इस मामले में पुलिस ने फौरन एक्शन लिया और तमाम सबूत जमा किए। 10 दिनों में न्यायालय में आरोप पत्र प्रस्तुत किया गया और 8 सितंबर को कोर्ट ने इस मामले में फैसला सुना दिया और आरोपी को दोषी माना। दोषी पिता को कोर्ट ने आजीवन कारावास और 20 हजार रुपए का जुर्माना लगाया।

यूपी में ऑपरेशन कनविक्शन क्या है?

ऑपरेशन कनविक्शन (Operation Conviction) उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार और यूपी पुलिस द्वारा शुरू किया गया एक अभियान है। इसका मुख्य उद्देश्य गंभीर अपराधों में फौरन गिरफ्तारी, तेजी से जांच, प्रभावी अभियोजन और अदालत से सजा दिलाना है। 

यूपी में हाल ही में करोड़पति दवा कारोबारी की हत्या का खुलासा हुआ था और पुलिस ने 12 घंटे के अंदर एनकाउंटर कर दोनों हत्यारों को दबोचा था।

ये भी पढ़ें-

गाजियाबाद में दो शातिर वाहन चोरों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद किया गिरफ्तार, चोरी की कार हुई बरामद