1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. भीड़ में घुस गया बिना ड्राइवर का ट्रक, कई गाड़ियों को मारी टक्कर, लोग भी चपेट में आए; CCTV फुटेज आया सामने

भीड़ में घुस गया बिना ड्राइवर का ट्रक, कई गाड़ियों को मारी टक्कर, लोग भी चपेट में आए; CCTV फुटेज आया सामने

अमेठी में एक अनियंत्रित ट्रक ने कई गाड़ियों को टक्कर मार दी। इस दौरान कई लोग भी ट्रक की चपेट में आकर घायल हो गए। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

ट्रक ने कई गाड़ियों को रौंदा।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT ट्रक ने कई गाड़ियों को रौंदा।

अमेठी: यूपी के अमेठी जिले से एक हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है। यहां गौरीगंज के हनुमान तिराहे पर शुक्रवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक अनियंत्रित ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी कई बाइकों को टक्कर मार दी। हादसे में कई बाइकें क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि मौके पर मौजूद कुछ लोगों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है। घटना का CCTV फुटेज भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हैरानी की बात ये रही कि घटना के समय ट्रक में कोई ड्राइवर मौजूद नहीं था।

भीड़ में घुसा अनियंत्रित ट्रक

बताया जा रहा है कि 14 अगस्त की शाम एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर हनुमान तिराहे की ओर बढ़ा। ट्रक को तेजी से अपनी तरफ आता देख वहां मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इस दौरान सड़क पर भारी भीड़ भी मौजूद थी। ट्रक को आता देख कई लोग मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे, लेकिन कुछ लोग ट्रक की चपेट में आकर घायल भी हो गए। अनियंत्रित ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी करीब छह बाइकों को अपनी चपेट में ले लिया। ट्रक की टक्कर से गाड़ियां बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई हैं।

घटना का सीसीटीवी फुटेज भी आया सामने

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद ट्रक चालक ने कथित तौर पर चलती गाड़ी से कूदकर भागने की कोशिश की और मौके से फरार हो गया। जब लोगों ने ट्रक में देखा तो उसमें कोई मौजूद नहीं था। ट्रक के भागने के बाद अनियंत्रित ट्रक ने कई गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया, जिसमें कई लोग भी घायल हो गए हैं। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि अनियंत्रित ट्रक कई गाड़ियों को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ता चला जा रहा है। इस दौरान लोग इधर-उधर भागते नजर आ रहे हैं। 

चालक की तलाश में जुटी पुलिस

वहीं अब घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। सूचना मिलने पर पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस की ओर से घटना को लेकर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। (इनपुट- आलोक श्रीवास्तव)

यह भी पढ़ें- 

'हमने एकतरफा वोट डाल रखे हैं आपको', इमरान मसूद को सड़क के लिए स्थानीय लोगों ने घेरा; 'अभी होगा' बोलकर निकले