1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. 'हमने एकतरफा वोट डाल रखे हैं आपको', इमरान मसूद को सड़क के लिए स्थानीय लोगों ने घेरा; 'अभी होगा' बोलकर निकले

'हमने एकतरफा वोट डाल रखे हैं आपको', इमरान मसूद को सड़क के लिए स्थानीय लोगों ने घेरा; 'अभी होगा' बोलकर निकले

 Written By: Amar Deep
 Published : Aug 16, 2026 05:36 pm IST,  Updated : Aug 16, 2026 05:36 pm IST

सहारनपुर में स्थानीय लोगों ने सांसद इमरान मसूद का घेराव कर लिया। लोगों ने सड़क ठीक करवाने की मांग की। उन्होंने यह भी कहा कि आपको एकतरफा वोट दिया है। ऐसे में सड़क ठीक होनी चाहिए। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

स्थानीय लोगों ने इमरान मसूद को घेरा।- India TV Hindi
स्थानीय लोगों ने इमरान मसूद को घेरा। Image Source : REPORTER INPUT

सहारनपुर में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आयोजित ध्वजारोहण कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कांग्रेस सांसद इमरान मसूद पहुंचे थे। हालांकि इस दौरान उन्हें क्षेत्र के युवाओं ने सड़क की बदहाली को लेकर घेर लिया। इस मौके पर युवाओं ने सांसद इमरान मसूद के सामने अपनी नाराजगी जाहिर की और लंबे समय से खराब पड़ी सड़क के जल्द निर्माण कराने की मांग की।

स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में गए थे इमरान मसूद

दरअसल, मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र खाता खेड़ी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों की भीड़ ने सांसद इमरान मसूद से सड़क की स्थिति को लेकर शिकायत की। इस दौरान लोगों ने कहा कि क्षेत्र की बदहाल सड़क को लेकर कई बार सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट किए जा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद अब तक सड़क का निर्माण नहीं हुआ है। लोगों ने सांसद से मौके की स्थिति देखने की अपील करते हुए कहा कि सड़क की हालत बेहद खराब है और लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

घटना का वीडियो भी आया सामने

इसका एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक युवक को यह भी कहते हुए सुना जा सकता है कि 'हमने एकतरफा वोट डाल रखे हैं आपको'। लोगों ने सांसद से कहा कि क्षेत्र के लोगों ने उन्हें अपना प्रतिनिधि चुनकर वोट दिया है, इसलिए अब उनकी समस्याओं का समाधान होना चाहिए। सड़क निर्माण में देरी को लेकर युवाओं ने सांसद के सामने अपनी नाराजगी स्पष्ट रूप से रखी और जल्द कार्रवाई की मांग की।

वहीं लोगों की शिकायत सुनने के बाद सांसद इमरान मसूद ने उन्हें आश्वासन देते हुए कहा, “अभी काम होगा।” सांसद के इस आश्वासन के बाद मौके पर मौजूद युवाओं ने उनके समर्थन में “इमरान मसूद जिंदाबाद” के नारे भी लगाए। इसके बाद इमरान मसूद अपने समर्थकों के साथ वहां से चले गए। पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवाओं को सड़क की समस्या को लेकर सांसद से सवाल करते और समाधान की मांग करते देखा जा सकता है। 

इमरान मसूद ने दिया आश्वासन

वहीं, सांसद की ओर से जल्द काम शुरू कराने का आश्वासन दिए जाने के बाद माहौल कुछ शांत होता नजर आया। स्थानीय लोगों की नाराजगी का मुख्य कारण सड़क की लंबे समय से खराब स्थिति और निर्माण में हो रही देरी बताई जा रही है। अब लोगों की नजर इस बात पर है कि सांसद के आश्वासन के बाद सड़क निर्माण का काम वास्तव में कब शुरू होता है। (इनपुट- खालिद हसन)

यह भी पढ़ें-

शादी के 2 महीने बाद विवाहिता की मायके में हत्या, पूर्व प्रेमी के खिलाफ केस दर्ज; तीन दिन से थी लापता

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।