1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. खुद को बताते थे सरकारी अधिकारी, सस्ता सोना और नोट बदलने का लालच देकर ठगे 27 लाख; फरार कपल गिरफ्तार

खुद को बताते थे सरकारी अधिकारी, सस्ता सोना और नोट बदलने का लालच देकर ठगे 27 लाख; फरार कपल गिरफ्तार

 Written By: Malaika Imam
 Published : Oct 01, 2026 05:40 pm IST,  Updated : Oct 01, 2026 05:48 pm IST

सीतापुर में खुद को सरकारी अधिकारी बताकर लोगों से ठगी करने वाले पति-पत्नी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने सस्ता नीलामी वाला सोना दिलाने और खराब नोट बदलने का झांसा देकर करीब 27 लाख रुपये ठगे थे।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : PEXELS.COM

उत्तर प्रदेश के सीतापुर में सरकारी अधिकारी बनकर लोगों को ठगने वाले एक दंपती को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी दंपती ने सस्ते दाम पर नीलाम हुआ सोना दिलाने और खराब नोट बदलने के नाम पर लोगों से करीब 27 लाख रुपये की ठगी की।

पुलिस ने आरोपी रोहित बाजपेयी निवासी कन्नौज और उसकी पत्नी अन्नू बाजपेयी उर्फ चंद्रा, जो नेपाल के चितवन की रहने वाली है, को बुधवार को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, दंपती ने सीतापुर शहर के प्रेम नगर इलाके में किराये पर मकान लिया था और खुद को सरकारी अधिकारी बताकर लोगों का भरोसा हासिल किया।

एक व्यक्ति से 20 लाख रुपये लेने का आरोप

सीतापुर के पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने मीडिया को बताया कि आरोपियों ने मकान मालिक रामनरेश जायसवाल से नीलामी में मिले सस्ते सोने का लालच देकर 20 लाख रुपये लिए। इसके अलावा, खराब नोट बदलने के नाम पर 2 लाख रुपये, एक अन्य व्यक्ति से 1 लाख रुपये और इलाके के एक लॉन्ड्री संचालक से 4 लाख रुपये लिए गए।

14 सितंबर को पैसे लेकर हुए फरार

पुलिस के मुताबिक, आरोपी 14 सितंबर को रकम लेकर फरार हो गए। इसके बाद उन्होंने आगरा, कोटा, बैतूल और चेन्नई में ठिकाने बदले। पुलिस का कहना है कि ठगी की रकम से करीब 6 लाख रुपये के सोने के आभूषण और दो मोबाइल फोन खरीदे गए थे।

नकदी, सोने के आभूषण और फर्जी दस्तावेज बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 14 लाख रुपये नकद, करीब 38.740 ग्राम सोने के आभूषण, चार मोबाइल फोन और PNB, आयकर विभाग, आधार एवं पैन कार्ड के फर्जी पहचान पत्र बरामद करने का दावा किया है।

2005 से ठगी करने का पुलिस का दावा

पुलिस के अनुसार, पूछताछ और जांच में सामने आया कि आरोपी दंपती कथित तौर पर 2005 से इसी तरह की ठगी में शामिल रहा है। पुलिस ने बताया कि उनके खिलाफ उत्तर प्रदेश के अलावा मध्य प्रदेश, ओडिशा, राजस्थान और बिहार में भी मामले दर्ज हैं। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और आरोपियों से जुड़े अन्य मामलों एवं ठगी के नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

(इनपुट- PTI)

ये भी पढ़ें-

"रक्तदान करें, जिंदगी बचाएं" CM थलापति विजय की युवाओं से बड़ी अपील, बोले- जरूरतमंदों के लिए आगे आएं

ओंकारेश्वर में नर्मदा नदी में चलती नाव से उठीं आग की लपटें, 6 श्रद्धालुओं को सुरक्षित बचाया गया; VIDEO

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।