1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. राम मंदिर ट्रस्ट में CEO पद के लिए 5 हजार से ज्यादा लोगों ने किया अप्लाई, फॉर्म में बताना होगा क्या आप सच्चे हिंदू हैं?

राम मंदिर ट्रस्ट में CEO पद के लिए 5 हजार से ज्यादा लोगों ने किया अप्लाई, फॉर्म में बताना होगा क्या आप सच्चे हिंदू हैं?

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने अपने मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) की नियुक्ति के लिए तीन सदस्यों की एक समिति बनाई है, जिसे लगभग 5200 आवेदन मिले हैं। आवेदनों की इतनी बड़ी संख्या को देखते हुए समिति ने CEO की नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी करने के लिए एक महीने का अतिरिक्त समय मांगा है।

राम मंदिर- India TV Hindi
Image Source : PTI राम मंदिर

अयोध्याः श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को एक महीने में सीईओ मिल जाने की उम्मीद है। इस पोस्ट के लिए पांच हज़ार से ज़्यादा लोगो ने अप्लाई किया है।अप्लाई करने वालों को अब 25 जुलाई तक गूगल फॉर्म भरना है। आवेदन फॉर्म में 32 सवाल हैं। फॉर्म में नाम ,पता ,उम्र ,पेशा, काम करने का अनुभव तो पूछा ही गया है, साथ में  ये भी पूछा गया है कि क्या आप सच्चे हिंदू हैं?

आवेदन फॉर्म में पूछे गए हैं ये सवाल

सीईओ पद के लिए आवेदन फॉर्म में यह भी पूछा गया है कि क्या आपने कोई मेगा इवेंट किया है, अगर किया है तो मेगा इवेंट में कितने लोग शामिल हुए? क्या आप किसी सामाजिक या धार्मिक संगठन अथवा मंदिर से जुड़े हैं?आपने कितने वर्ष तक किसी सामाजिक या धार्मिक संगठन अथवा मंदिर का प्रबंधन किया है? आपके द्वारा प्रबंधित सामाजिक या धार्मिक संगठन या मंदिर का आकार कितना था? उन धार्मिक संगठनों या मंदिरों का नाम और अपनी ज़िम्मेदारी बताइए। साथ में फॉर्म में प्रोफ़ेशनल, सामाजिक और मंदिर से जुड़े अनुभव के सत्यापन के लिए कम से कम दो प्रतिष्ठित व्यक्तियों के नाम, पद और संपर्क विवरण मांगा गया है। 

फॉर्म में यह भी पूछा गया है कि कितने कर्मचारी आपके लीडरशिप में काम करते थे? आपको कौन-कौन से इनाम, पुरस्कार मिले? श्री रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के लिए विज़न, प्लान और सुझाव भी पूछे गए हैं। फॉर्म के साथ सीवी लगानी है और दो लोगो का रेफरेंस देना है।

तीन सदस्यों की कमेटी तय करेगी कौन होगा सीईओ

मंदिर का सीईओ चुनने के लिए ट्रस्ट ने तीन मेम्बर के सेलेक्ट कमेटी बनाई है। इसमें रिटायर्ड जस्टिस प्रमोद कोहली, रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल विष्णुकांत चतुर्वेदी और सुरेश हावरे हैं। सेलेक्ट कमेटी ने 13 जुलाई को सीईओ की पोस्ट के लिए आवेदन मांगे थे। सीईओ के लिए अप्लाई करने की आखिरी तारीख 18 जुलाई थी।

जानकारी के मुताबिक, सिलेक्शन में किसी खास एकेडमिक क्वालिफिकेशन के बजाय कैंडिडेट की ओवरऑल पर्सनैलिटी पर ध्यान दिया जाएगा। ट्रस्ट का मानना है कि व्यक्ति को एक अच्छा मैनेजर, काबिल एडमिनिस्ट्रेटर और विनम्र होना चाहिए, साथ ही उसके पास अच्छी एजुकेशनल क्वालिफिकेशन और संबंधित अनुभव होना चाहिए। हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में कम्युनिकेशन स्किल्स का होना ज़रूरी है। कमेटी ने यह भी साफ़ किया कि कोई भौगोलिक प्राथमिकता नहीं होगी। भारतीय नागरिकता ही एकमात्र योग्यता मानदंड होगी।  

ये भी पढ़ेंः राम मंदिर ट्रस्ट की धार्मिक समिति का पुनर्गठन, गोविंद देव गिरी होंगे अध्यक्ष, 7 सदस्यीय समिति में 5 संत अयोध्या के

अयोध्या में चढ़ावा चोरी का मामला सामने आने के बाद आज पहली बार संतों की VHP-RSS के साथ बैठक, जानें क्या है मुख्य एजेंडा