बुर्का पहनाकर खींची फोटो, धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का आरोप; विरोध पर मारपीट
कानपुर में एक बार फिर से धर्म परिवर्तन कराने के आरोप का मामला सामने आया है। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच की जा रही है।

उत्तर प्रदेश के कानपुर के रावतपुर थाना क्षेत्र में 19 साल की युवती ने एक मुस्लिम महिला और युवक पर बुर्का पहनाकर उसकी फोटो खींचने, धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने, मारपीट करने और फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने का आरोप लगाया है। युवती का कहना है कि लगातार धमकियों और कथित उत्पीड़न के चलते उसका घर से निकलना मुश्किल हो गया और उसे अपनी पढ़ाई तक छोड़नी पड़ी। मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी युवक को हिरासत में लिया है।
बचपन से पड़ोस के परिवार से थी पहचान
पीड़ित युवती के मुताबिक, रावतपुर निवासी रूबी खान के घर के पास उसकी नानी का मकान है। वह बचपन से नानी के घर रहती थी, जिसके चलते उसका रूबी के घर आना-जाना था। युवती रूबी को मामी कहती थी। शिकायत के अनुसार, करीब दो साल पहले रूबी खान के बच्चों को अरबी पढ़ाने के लिए जामा मस्जिद में पढ़ने वाला तौफीक नाम का युवक उनके घर आता था। इसी दौरान युवती की उससे पहचान हुई। युवती के मुताबिक, उस समय रूबी, तौफीक और वह कभी-कभी चाय पीने के लिए बाहर भी जाते थे।
बुर्का पहनाकर फोटो खींचने का आरोप
युवती का आरोप है कि एक दिन रूबी खान ने उसे अपने घर में बुर्का पहनाया और उसकी फोटो खींच ली। इसके बाद एक दिन रूबी उसे चाय पिलाने के लिए बाहर ले गई, जहां तौफीक भी मौजूद था। युवती के मुताबिक, वहां तौफीक ने उससे बुर्का पहनकर आने, मस्जिद में रहने और नमाज पढ़ने के साथ इस्लाम कबूल कर धर्म परिवर्तन करने के लिए कहा। युवती ने अपना धर्म छोड़ने से इनकार करते हुए इसका विरोध किया। आरोप है कि इसके बाद रूबी और तौफीक ने उसके साथ मारपीट की।
धर्म परिवर्तन से इनकार पर फोटो वायरल करने की धमकी
युवती ने आरोप लगाया कि धर्म परिवर्तन से इनकार करने पर उसकी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी गई। उसका कहना है कि इसके बाद रास्ते में भी उसे परेशान और धमकाया जाता रहा। लगातार कथित धमकियों और मारपीट के चलते युवती भयभीत हो गई। वह रावतपुर क्षेत्र के एक कॉलेज से बीबीए की पढ़ाई कर रही थी। युवती का आरोप है कि नवंबर 2025 में उसने डर के कारण कॉलेज जाना छोड़ दिया। इसके बाद वह नानी के घर से दूर अपने माता-पिता के साथ रहने लगी। युवती का दावा है कि घर बदलने के बाद भी उस पर दबाव और धमकियां जारी रहीं।
2 सितंबर को थाने में दी तहरीर
लगातार परेशान होने के बाद युवती ने 2 सितंबर को रावतपुर थाने में तहरीर देकर पूरे मामले की शिकायत की। युवती का आरोप है कि शिकायत के दौरान उसकी बात गंभीरता से नहीं सुनी गई और उसे ही गलत बताया गया। थाने से पीड़िता को पहले तो टरकाया गया, उसका यह भी आरोप है कि शिकायत करने के दौरान आरोपी पक्ष से जुड़े कुछ लोग थाने के बाहर पहुंचे और उसे कथित तौर पर अंजाम भुगतने की धमकी दी। लेकिन पीड़िता ने हार नही मानी ।
डीसीपी ने की हिरासत में लेने की पुष्टि
मामले में पुलिस ने युवती की शिकायत के आधार पर आरोपी युवक तौफीक को हिरासत में लिया है। डीसीपी कासिम आब्दी ने आरोपी को हिरासत में लिए जाने की पुष्टि की है। डीसीपी ने बताया कि युवती की शिकायत पर आरोपी को हिरासत में लिया गया है। युवती की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
युवती ने की निष्पक्ष जांच की मांग, आरोपों की पुष्टि होना बाकी
पीड़िता ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। उसके पिता गार्ड की नौकरी करते हैं। फिलहाल, युवती की ओर से लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति और आगे की कानूनी कार्रवाई स्पष्ट होगी।
कानपुर से संवाददाता अनुराग श्रीवास्तव की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें
2 घंटे फंसी रही एंबुलेंस, ट्रैक्टर से खींचकर निकाला; बदहाल सड़क ने छीन ली नवजात की जिंदगी
कानपुर में H1N1 का बढ़ा खतरा, एक मौत से हड़कंप, अस्पताल में बेड-वेंटिलेटर रिजर्व