1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. 8 साल की मासूम से 66 साल के बुजुर्ग के दरिंदगी करने के मामले में कड़ा एक्शन, आरोपी के घर पर चला बुलडोजर; देखें वीडियो

8 साल की मासूम से 66 साल के बुजुर्ग के दरिंदगी करने के मामले में कड़ा एक्शन, आरोपी के घर पर चला बुलडोजर; देखें वीडियो

पीलीभीत में 8 साल की बच्ची से रेप मामले के आरोपी का घर बुलडोजर से ढहा दिया गया है। गांव के बाजार में गई बच्ची गायब हो गई थी और उसके बाद उसे घर के पास से बरामद किया गया।

pilibhit minor girl rape- India TV Hindi
Image Source : REPORTERS INPUT पीलीभीत में 8 साल की बच्ची से दरिंदगी के आरोपी के घर पर चला बुलडोजर।

पीलीभीत: यूपी में पीलीभीत के सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के भिखारीपुर गांव के बाजार से बीते रविवार को लापता हुई नजदीकी गांव की 8 साल की बच्ची मंगलवार को पड़ोस के उगनपुर गांव में मिली। बच्ची ने बताया कि एक घर में 66 साल के दूसरे समुदाय के बजुर्ग ने उसके साथ गंदी हरकत की। घटना का पता चलते ही ग्रामीण और हिंदू संगठन के लोगों में आक्रोश फैल गया। पहले गांव में और फिर रात में सुनगढ़ी थाने में पहुंचकर लोगों ने हंगामा किया।

बुलडोजर से ढहाया गया आरोपी का घर

पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए गांव में दबिश देकर देर रात आरोपी मोहम्मद उमर को गिरफ्तार कर रिपोर्ट दर्ज कर ली है और आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। इस बीच, प्रशासन ने आरोपी मोहम्मद उमर के घर पर भी एक्शन लिया और बुलडोजर से उसको ढहा दिया।

पिता के साथ गांव के बाजार में गई थी बच्ची

पीड़िता की मां के मुताबिक, उनकी बेटी बीते रविवार को अपने पिता के साथ भिखारीपुर गांव में बाजार गई थी। फिर वहीं से अचानक लापता हो गई। काफी देर तलाश करने के बाद उसका कुछ भी पता नहीं चल सका। इसके बाद परिजनों-रिश्तेदारों ने आसपास के इलाके में खोजबीन शुरू की लेकिन बेटी का कोई सुराग नहीं मिला।

बच्ची को आरोपी के घर के पास देखा गया

बीते मंगलवार को दोपहर करीब 3 बजे किसी ने बच्ची को पड़ोस के उगनपुर गांव में लावारिस हालत में घूमता देखा और परिवार वालों को सूचना दी। जब परिवार के लोग वहां पर पहुंचे तो बच्ची, आरोपी के घर के नजदीक मिल गई और परिजन उसे अपने साथ घर ले आए।

बुजुर्ग ने बच्ची के साथ की गंदी हरकत

बच्ची के माता-पिता के अनुसार, बच्ची ने उन्हें बताया कि आरोपी बच्ची को चीज दिलाने के बहाने ले गया और उसे कुछ खाने को दिया। इसके बाद में वह बेसुध हो गई। बच्ची ने बताया कि गांव के एक घर में बुजुर्ग ने उसके साथ बुरा काम किया। आरोपी पीड़िता के गांव में ही आम के एक बाग की रखवाली करता है और परिवार के लोग उसे पहले से जानते थे।

घटना से ग्रामीणों में है आक्रोश

बच्ची के साथ हुई घटना की जानकारी मिलते ही गांव में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए। सूचना मिलने पर हिंदू संगठन के कार्यकर्ता भी गांव में पहुंच गए। काफी देर तक हंगामे के बाद ग्रामीण और संगठन के लोग बच्ची को साथ लेकर थाना सुनगढ़ी पहुंचे और पुलिस अधिकारियों को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।

गांव में पुलिसकर्मी करने पड़े तैनात

पुलिस ने ये मामला दो समुदायों से जुड़े होने के कारण गंभीरता से लिया और गांव में भी पुलिस बल तैनात कर दिया। फिर, बच्ची के परिजनों से जानकारी जुटाने के बाद संभावित ठिकानों पर दबिश देकर मंगलवार देर रात आरोपी मोहम्मद उमर को गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल, पुलिस आरोपी से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई में जुटी है। बच्ची का मेडिकल करवाने की कार्रवाई की जा रही है।

(इनपुट- कुलदीप कल्प)

ये भी पढ़ें- बाराबंकी में लेखपाल-वकीलों में बवाल के बीच किसी ने SDM की गाड़ी पर थूका पान, छीछालेदर का वीडियो आया सामने