A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. मऊ में पुलिस की वर्दी में चोरी करते पकड़ा गया कथित पुलिसकर्मी, CCTV में वारदात कैद

मऊ में पुलिस की वर्दी में चोरी करते पकड़ा गया कथित पुलिसकर्मी, CCTV में वारदात कैद

जब सुरक्षा का जिम्मा उठाने वाले ही संदेह के घेरे में आ जाएं, तो भरोसा डगमगाना लाजिमी है। मऊ जनपद से सामने आया एक वायरल वीडियो इसी कड़वी हकीकत की ओर इशारा कर रहा है, जिसमें वर्दी पहने एक शख्स चोरी की वारदात को अंजाम देता नजर आ रहा है।

चोरी करता कथित पुलिसकर्मी- India TV Hindi
Image Source : REPORTER चोरी करता कथित पुलिसकर्मी

मऊ के सरायलखंसी थाना क्षेत्र के पनियरा स्थित एक पेट्रोल पंप पर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक कर्मचारी का मोबाइल रहस्यमय तरीके से गायब हो गया। पीड़ित कर्मचारी के अनुसार, वह रात में मोबाइल सिरहाने रखकर सोया था, लेकिन सुबह उठने पर मोबाइल गायब मिला।

शक होने पर जब पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, तो जो तस्वीर सामने आई, उसने सभी को हैरान कर दिया। फुटेज में साफ दिख रहा है कि सुबह करीब 4:25 बजे एक बाइक सवार पेट्रोल पंप के सामने रुकता है। वह पहले आसपास नजर दौड़ाता है, फिर धीरे-धीरे सो रहे कर्मचारी के पास पहुंचता है।

मोबाइल चोरी करते पकड़ा गया कथित पुलिसकर्मी

कुछ पल तक इधर-उधर देखने के बाद वह व्यक्ति कर्मचारी के सिरहाने रखा मोबाइल उठाता है, उसे जेब में रखता है और मौके से फरार हो जाता है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि वीडियो में दिख रहा व्यक्ति पुलिस की वर्दी में नजर आ रहा है, जिससे लोगों के मन में कई सवाल खड़े हो गए हैं।

यहां देखें वीडियो

सोशल मीडिया पर कड़ी प्रतिक्रिया

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कोई कह रहा है  “जब रक्षक ही भक्षक बन जाए तो आम आदमी कहां जाए?”। तो कोई सीधे तौर पर पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठा रहा है। लोग बोल रहे “अब पुलिस ही चोरी करेगी तो सुरक्षा कौन देगा?”।  वहीं कुछ लोग तंज कसते हुए कह रहे हैं कि “क्या वर्दी वालों की तनख्वाह इतनी कम हो गई है कि चोरी करनी पड़ रही है?” 

पुलिस का पक्ष नहीं आया सामने

फिलहाल इस मामले में पुलिस का आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। बताया जा रहा है कि होमगार्ड परीक्षा में व्यस्तता के चलते अभी तक संबंधित अधिकारी प्रतिक्रिया नहीं दे सके हैं। हालांकि, वीडियो वायरल होने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की मांग तेज हो गई है।

वायरल वीडियो ने जहां एक ओर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, वहीं यह घटना आम लोगों के भरोसे को भी झकझोर रही है। अब सबकी निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं कि आखिर वर्दी में दिख रहा यह शख्स कौन है और उसके खिलाफ क्या कदम उठाए जाते हैं।

(मऊ से राकेश कुमार सिंह की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ेंः यूपी: मऊ में भीषण सड़क हादसा, स्कॉर्पियो–ट्रेलर की टक्कर में पांच लोगों की मौत, शादी की खुशियां मातम में बदलीं

शराबी पिता ने मां-बेटे पर अवैध संबंध का आरोप लगाया, सिर फोड़ा, तड़पकर मर गया लड़का