A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. VIDEO: अतीक अहमद और गुड्डू मुस्लिम के साथियों की गुंडागर्दी, जमीन नहीं देने पर लोहे की रॉड से पीटा; दी जान से मारने की धमकी

VIDEO: अतीक अहमद और गुड्डू मुस्लिम के साथियों की गुंडागर्दी, जमीन नहीं देने पर लोहे की रॉड से पीटा; दी जान से मारने की धमकी

Atiq Ahmed Gang News: माफिया अतीक अहमद और गुड्डू मुस्लिम के कथित साथियों ने प्रयागराज में एक शख्स की तब पिटाई कर दी जब उसने अपनी जमीन का बैनामा करने से मना कर दिया। इसका वीडियो CCTV कैमरे में कैद हो गया।

Atiq Ahmed gang news- India TV Hindi
Image Source : REPORTERS INPUT अतीक अहमद के कथित साथियों ने प्रयागराज में एक शख्स को पीटा है।

Atiq Ahmed News: यूपी के प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद और उसके साथी गुड्डू मुस्लिम से जुड़े लोगों की गुंडागर्दी नहीं थम रही है। इन गुर्गों के खिलाफ एक गंभीर मामला दर्ज किया गया है। धूमनगंज थाना इलाके के कसारी मसारी के रहने वाले अफजल समेत 4 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। यह एक्शन पीड़ित मोहम्मद फैसल की तहरीर पर लिया गया है, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया है कि आरोपी उसकी जमीन पर जबरदस्ती कब्जा करना चाहते हैं और बैनामा करवाने का प्रेशर डाल रहे हैं।

पीड़ित की जमीन पर भूमाफिया की नजर

पीड़ित फैसल के मुताबिक, उसके पिता के नाम पर मौजा अनुद्दीनपुर में आराजी संख्या 141 की जमीन है, जिसके ऊपर लंबे वक्त से भूमाफिया नजर गड़ाए हुए हैं। फैसल का कहना है कि अफजल, आजम और अकरम, जो कि गुड्डू मुस्लिम के करीबी हैं, उसको लगातार धमका रहे हैं कि वह अपनी जमीन को उनके नाम कर दे। जब उसने मना किया तो आरोपियों ने उसे गंभीर नतीजे भुगतने की धमकी दी।

अतीक के साथी ने लोहे की रॉड से पीटा

फैसल ने बताया कि 22 मार्च 2026 की सुबह करीब 10 बजे जब वह नंदग्राम में बैठा था, तभी एक काले रंग की थार गाड़ी पहुंची और उसमें आरोपी सवार थे। गाड़ी से उतरते ही उन्होंने अपशब्द कहने शुरू कर दिए। उन्होंने लोहे की रॉड और डंडों से उसके ऊपर हमला कर दिया। आरोपियों ने इस दौरान धमकी भी दी कि अगर जमीन का बैनामा नहीं किया तो उसको जान से मार दिया जाएगा।

गंभीर रूप से घायल हो गया पीड़ित

हालांकि, शोर-शराबा सुनकर जब आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे, तो आरोपी मोहम्मद फैसल को जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए। इस अटैक में फैसल को गर्दन, हाथ और पैरों में गंभीर चोट लगी है।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

बता दें कि प्रयागराज पुलिस ने पीड़ित मोहम्मद फैसल की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और पड़ताल शुरू कर दी है। इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस आरोपियों की तलाश में लगी है।