1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. बरेली जेल से भागे कैदी को पुलिस ने पैर में गोली मार दबोचा, अदालत ने सुनाई थी आजीवन कारावास की सजा

बरेली जेल से भागे कैदी को पुलिस ने पैर में गोली मार दबोचा, अदालत ने सुनाई थी आजीवन कारावास की सजा

बरेली जेल में बंद कैदी 22 जून को मौका पाकर वहां से भाग गया। पुलिस ने सूचना आधार पर 26 जून को एक मुठभेड़ के दौरान पकड़ने में कामयाबी हासिल की है।

A prisoner who had escaped from Bareilly jail was caught by the police during an encounter.- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT बरेली जेल से भागे कैदी को पुलिस ने एक मुठभेड़ के दौरान पकड़ लिया

आजीवन कारावास की सजा काट रहा कैदी थाना इज्जतनगर स्थित केंद्रीय कारागार से भाग गया था। चार दिन बाद पुलिस ने उसे परतापुर से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी से बचने के लिए कैदी ने पुलिस पर फायरिंग भी की। जवाबी फायरिंग में कैदी के पैर में गोली लगी।पुलिस की पूछताछ में बंदी दिनेश ने बताया कि वह अमरोहा के डिडोली थाना क्षेत्र का निवासी है। उसे साल 2020 में दर्ज एक मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। 

इस साल जनवरी में अदालत ने सुनाई थी उम्रकैद

अमरोहा की एडीजे/पॉक्सो एक्ट अदालत ने दिनेश को नौ जनवरी 2026 को आजीवन कारावास और अर्थदंड की सजा दी थी। इसके बाद उसको 19 अप्रैल 2026 को केंद्रीय कारागार बरेली स्थानांतरित किया गया था। दिनेश 22 जून 2026 को जेल के फार्म में काम कर रहा था। दोपहर करीब साढ़े बारह बजे वह पानी पीने के बहाने ट्यूबवेल के पास गया। वहां से वह ढेचा के खेत से छिपते हुए दीवार कूदकर भाग निकला। भागने के बाद वह परतापुर निवासी नासिर कुरैशी के घर छिप गया था। नासिर से उसकी मुलाकात जेल की दीवार के पास काम करते समय हुई थी।

पुलिस को मिली थी पास ही छिपे होने की सूचना

पुलिस को दिनेश के परतापुर इलाके में छिपे होने की सूचना मिली थी। रात में वह नासिर से तमंचा लेकर अपने घर अमरोहा निकलने वाला था। सड़क पर एक व्यक्ति को देखकर वह एक खंडहर मकान में छिप गया। पुलिस के सामने आने पर पकड़े जाने के डर से उसने पुलिस पर फायर कर दिया। हालांकि, पुलिस ने उसे तुरंत घेरकर गिरफ्तार कर लिया।

साल 2020 में दर्ज किया गया था मुकदमा

दिनेश पर वर्ष 2020 में अमरोहा के डिडोली थाने में प्राथमिकी दर्ज हुआ था। उस पर धारा 377 भादवि,पॉक्सो एक्ट की धारा 5/6 और एससी एसटी एक्ट की धारा 3(2)V लगाई गई थी। अदालत ने उसे गंभीर अपराधों के लिए आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। उसे बिजनौर जेल से बरेली की केंद्रीय कारागार में स्थानांतरित किया गया था।

22 जून को जेल से भाग निकला था बंदी

ASP ने बताया कि ​26 जून 2026 को थाना इज्जतनगर स्थित केंद्रीय कारागार से एक सिद्धदोष बंदी, जो 22 जून 2026 को खेतों में काम करते समय फरार हो गया था, उसे पुलिस टीम ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। ​यह सिद्धदोष बंदी, जिसका नाम दिनेश पुत्र अरविंद, निवासी नन्हेड़ा राजपूत, थाना डिडौली, जनपद अमरोहा का रहने वाला है। यह 22 जून 2026 को फरार हो गया था, जिसकी गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया गया था और इसके ऊपर 25,000 रुपये का इनाम भी था। यह मुकदमा संख्या 542/26 में वांछित चल रहा था।

पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल में कराया भर्ती

​रात में थाना इज्जतनगर पर एक सूचना प्राप्त हुई कि यह व्यक्ति पास के ही एक खंडहर के मकान में छुपा हुआ है। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो इस बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर किया। जवाबी फायरिंग में इस अभियुक्त के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद इसे गिरफ्तार किया गया है और इसका उपचार अस्पताल में चल रहा है।

बरेली से विकास साहनी की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें 

अलीगढ़ में खंभे से बांधकर युवक की बेरहमी से पिटाई, प्रेमिका के परिजनों पर आरोप, वीडियो वायरल

तेरहवीं के एक दिन बाद घर लौटा बेटा, जिंदा देख लिपटकर रोने लगी मां; परिजनों ने आखिर किस शव का किया अंतिम संस्कार?