1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. अलीगढ़ में खंभे से बांधकर युवक की बेरहमी से पिटाई, प्रेमिका के परिजनों पर आरोप, वीडियो वायरल

अलीगढ़ में खंभे से बांधकर युवक की बेरहमी से पिटाई, प्रेमिका के परिजनों पर आरोप, वीडियो वायरल

 Edited By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Jun 26, 2026 11:09 am IST,  Updated : Jun 26, 2026 11:10 am IST

अलीगढ़ में प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक की बेरहमी से पिटाई की गई है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को संभाल लिया है।

Aligarh Young Man was beaten- India TV Hindi
अलीगढ़ में युवक की पिटाई Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक को बेरहमी से पीटने का मामला देखने को मिला है। यह घटना अलीगढ़ के कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मखदूम नगर इलाके की है। यहां एक युवती के परिजनों ने युवक को रंगे हाथों पकड़ने के बाद बिजली के खंभे से बांध दिया और उसकी जमकर पिटाई की। इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

क्या है पूरा मामला

मिली जानकारी के अनुसार, मखदूम नगर के रहने वाले एक युवक का क्षेत्र की ही एक युवती के साथ काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बीते दिन यानी कि 25 जून 2026 को वह युवक अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था। इसी दौरान युवती के परिवार वालों ने दोनों को एक साथ देख लिया और उन्हें आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया। आरोप है कि गुस्साए परिजनों ने युवक को पकड़कर घर के बाहर लगे एक खंभे से बांध दिया। इसके बाद परिवार के लोगों और स्थानीय निवासियों ने मिलकर युवक की बेरहमी से पिटाई की। इस दौरान युवक रहम की भीख मांगता रहा, लेकिन किसी ने उसकी बात नहीं सुनी।

पुलिस ने मुश्किलों के बाद परिजनों के चंगुल से युवक को बाहर निकाला

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। वहां की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने बड़ी मशक्कत के बाद उत्तेजित भीड़ और परिजनों के चंगुल से युवक को बाहर निकाला। युवक की हालत गंभीर होने के कारण पुलिस उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले गई, जहां उसका इलाज चल रहा है। इस पूरे मामले पर पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) संजीव शर्मा ने आधिकारिक बयान जारी किया है। उन्होंने बताया कि 25 जून को पुलिस को कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली थी कि मखदूम नगर में एक युवक के साथ कुछ लोगों द्वारा मारपीट की जा रही है। मौके पर पहुंचे पुलिस फोर्स ने स्थिति को संभाला।

पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई

शुरुआती जांच में ये पता चला है कि युवक और युवती एक-दूसरे को पहले से जानते थे और दोनों के बीच बातचीत होती थी। इसी बात से नाराज होकर लड़की के परिजनों ने इस घटना को अंजाम दिया। पुलिस को इस संबंध में पीड़ित पक्ष से तहरीर मिल गई है, जिसके आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य रूप से शामिल दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

अलीगढ़ से प्रदीप की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें

बुलंदशहर में हाई-वोल्टेज ड्रामा, प्रेम प्रसंग में मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, कूदकर जान देने की दी धमकी

तेरहवीं के एक दिन बाद घर लौटा बेटा, जिंदा देख लिपटकर रोने लगी मां; परिजनों ने आखिर किस शव का किया अंतिम संस्कार?

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।