भारत और वेस्टइंडीज के बीच में खेली जा रही 5 मैचों की टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले को जो रांची के मैदान पर खेला गया उसको विंडीज टीम 6 विकेट से अपने नाम करने में कामयाब रही। इस मैच में टॉस हारने के बाद भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर्स में 5 विकेट के नुकसान पर 249 रनों का स्कोर बनाया था। इसके जवाब में वेस्टइंडीज की तरफ से भी शानदार बल्लेबाजी प्रदर्शन देखने को मिला और उन्होंने सिर्फ 18.3 ओवर्स में टारगेट को हासिल कर लिए और भारतीय टीम के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा सफल रन चेज करने के रिकॉर्ड को भी अपने नाम कर लिया।
वेस्टइंडीज ने तोड़ा ऑस्ट्रेलियाई टीम का रिकॉर्ड
टी20 इंटरनेशनल में इस मैच से पहले भारतीय टीम के खिलाफ सफल रन चेज का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलियाई टीम के खिलाफ था, जो उन्होंने साल 2023 में गुवाहाटी के मैदान पर 223 रनों के टारगेट को हासिल करने के साथ बनाया था। अब वेस्टइंडीज की टीम ने इस रिकॉर्ड को तोड़ दिया है, जिसमें वह टी20 इंटरनेशनल में टीम इंडिया के खिलाफ 250 रनों के टारगेट को हासिल करने वाली पहली टीम बन गई है। वहीं टी20 इंटरनेशनल में यदि सर्वाधिक सफल रन चेज के रिकॉर्ड को देखा जाए तो यह दूसरे नंबर पर है।
T20I में भारतीय टीम के खिलाफ सफल रन चेज
- वेस्टइंडीज - 250 रन (रांची, साल 2026)
- ऑस्ट्रेलिया - 223 रन (गुवाहाटी, साल 2023)
- साउथ अफ्रीका - 212 रन (दिल्ली, साल 2022)
- ऑस्ट्रेलिया - 209 रन (मोहाली, साल 2012)
- साउथ अफ्रीका - 200 रन (धर्मशाला, साल 2015)
टी20 क्रिकेट में 7वीं बार हुआ 250 या उससे अधिक रनों का सफल पीछा
वेस्टइंडीज अब टी20 क्रिकेट में 7वीं ऐसी टीम बन गई है जो 250 या उससे अधिक रनों का टारगेट का पीछा करने में कामयाब हुई है। टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा सफल रन चेज का रिकॉर्ड वॉशिंगटन फ्रीडम के नाम पर है जो उन्होंने साल 2026 में ही ओकलैंड की टीम के खिलाफ 267 रनों के रूप में किया था। वहीं इंटरनेशनल क्रिकेट में ऐसा सिर्फ दूसरी बार हुआ है जब किसी टीम ने 250 या उससे अधिक रनों का पीछा किया है। इससे पहले साउथ अफ्रीकी टीम ने साल 2023 में वेस्टइंडीज की टीम के खिलाफ 259 रनों के टारगेट का पीछा किया था।
ये भी पढ़ें
एबी डिविलियर्स की तूफानी पारी ने लूटी महफिल, 37 गेंदों में जड़ा शतक; लगाए 11 छक्के