रायबरेली: गंगा एक्सप्रेस वे पर दर्दनाक हादसा, भोज खाकर लौट रहे 9 लोगों को तेज रफ्तार कार ने कुचला, 4 की मौत
भोज खाकर लौट रहे लोगों को कार ने कुचल दिया। कुल नौ लोग कार की चपेट में आए। इनमें से चार की मौत हो चुकी है और पांच की हालत गंभीर है।
उत्तर प्रदेश के रायबरेली में तेज रफ्तार कार ने नौ लोगों को टक्कर मार दी। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। वहीं, पांच की हालत गंभीर बनी हुई है। मामला जगतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सुल्तानपुर जनोली के पास निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे का है। यहां तेज तेज गति से आ रही कार ने सड़क किनारे चल रही महिलाओं को टक्कर मार दी। घटना के बाद जिला अस्पताल में जिलाधिकारी हर्षिता माथुर व पुलिस अधीक्षक रवि कुमार घायलों का हाल चाल लेने पहुंचे।
हादसे का शिकार हुए लोग तेरहवीं खाने के लिए अपने रिश्तेदार के यहां आए थे। भोज के बाद ये लोग निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेस से लौट रहे थे। रास्ते में सेल्फी लेने की बात भी कही जा रही है। इसी दौरान कार ने टक्कर मार दी। दो युवतियों की मौके पर ही मौत हो गई। अन्य को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। वहां, दो और लड़कियों की मौत हो गई। अन्य का इलाज जारी है।
भोज से लौट रहे थे मृतक
पुलिस ने बताया कि यह हादसा जगतपुर पुलिस थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर जनौली गांव के पास तब हुआ, जब कोडर गांव के निवासी चुली गांव में आयोजित सामुदायिक भोज से लौट रहे थे। पुलिस के मुताबिक ये लोग एक्सप्रेसवे से होकर गुजर रहे थे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार ने उन्हें टक्कर मार दी। पुलिस ने बताया कि हिमांशी (23) और शालिनी (22) नाम की दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां रश्मी (14) और आसमा (22) ने बाद में दम तोड़ दिया। पुलिस के मुताबिक हादसे में रिया पटेल (14), प्रिया पटेल (12), साधना (नौ), मीना (22) और रेशमा (14) घायल हुई हैं, जिन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया है।
कार चालक मौके से फरार
पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद चालक कार छोड़कर मौके से फरार हो गया और उसे गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है। घटना की जानकारी होने पर जिलाधिकारी हर्षिता माथुर तथा पुलिस अधीक्षक रवि कुमार जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने बताया, ''यह दुर्घटना निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार कार के कारण हुई। चार लोगों की मौत हो गई है और चार अन्य घायल हो गए हैं। वाहन को जब्त कर लिया गया है और चालक को गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।''
भाजपा-कांग्रेस नेता पहुंचे जिला अस्पताल
जिला अस्पताल में उपचारधीन 5 घायलों का हालचाल जानने भाजपा के ऊंचाहार से विधायक मनोज कुमार पांडे और कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी भी पहुंचे। विधायक मनोज पांडे ने कहा कि हमारी विधानसभा के विकासखंड दीन शाह गौरा के चूली ग्राम पंचायत में हुई यह सड़क दुर्घटना बेहद दुःखद है। एक अनियंत्रित वाहन ने 4 लोगों को कुचलकर मार दिया है। कुछ और लोग भी इलाज के लिये भर्ती हैं। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी के साथ साथ उन्होंने चिकित्सा अधिकारी से घायलों के बेहतर उपचार के लिये कहा है। हम पूरी तरह से पीड़ितों के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि घटना कैसे हुई और किसने की इसकी जांच होगी। जो दोषी है उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पीड़ितों को 20 लाख का मुआवजा दे सरकार
कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी भी घायलों का हाल चाल जानने जिला अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि जगतपुर थाना क्षेत्र के चूली में हुई इस दर्दनाक सड़क दुर्घटना में मृतकों व घायलों को सरकार 20-20 लाख रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराए। यह लोग गरीब व पिछड़े वर्ग से हैं। जो घायल हैं उनका अच्छे से इलाज हो यही प्रशासन को करना चाहिये।
(रायबरेली से डीएम सिंह की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-
हाईवे पर 'काल' बनकर दौड़ा ओवरलोड ट्रक! ड्राइवर ने नहीं मारा ब्रेक तो तुरंत गया पलट, देखें वीडियो
