1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. कानपुर में कारोबारी के बेटे पर लेम्बोर्गिनी से 6 को उड़ाने का आरोप, बाउंसरों ने उल्टे घायलों से की बदतमीजी

कानपुर में कारोबारी के बेटे पर लेम्बोर्गिनी से 6 को उड़ाने का आरोप, बाउंसरों ने उल्टे घायलों से की बदतमीजी

 Edited By: Khushbu Rawal
 Published : Feb 09, 2026 09:09 am IST,  Updated : Feb 09, 2026 03:04 pm IST

कानपुर में तंबाकू कारोबारी के बेटे शिवम मिश्रा पर अपनी लेम्बोर्गिनी कार से 6 से ज्यादा लोगों को टक्कर मारने का आरोप है। हैरानी की बात यह थी कि कार में रईसजादे की सुरक्षा के लिए पीछे बाउंसर भी एक दूसरी कार से चला रहे थे जिन्होंने घायलों से अभद्रता की।

Kanpur Lamborghini Accident- India TV Hindi
आरोपी की लेम्बोर्गिनी कार। Image Source : PTI

यूपी के कानपुर में तेज रफ्तार अनियंत्रित लेम्बोर्गिनी कार का कहर देखने को मिला जहां तंबाकू कारोबारी के बेटे पर आरोप है कि उसने लेम्बोर्गिनी कार से 6 से ज्यादा लोगों को टक्कर मार दी। इसके अलावा कार सवार ने एक बाइक सवार को भी टक्कर मारी जिससे वो हवा में उछलकर करीब 10 फीट दूर जा गिरा। इसके बाद लेम्बोर्गिनी बाइक के ऊपर ही चढ़ गई। वहीं, हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने कार को घेर लिया। हालांकि गुस्साई भीड़ को देखकर कारोबारी का बेटा कार के अंदर ही बैठा रहा लेकिन उसके बाउंसरों ने लोगों के साथ हंगामा किया और धक्का देकर लोगों को भगाने की कोशिश की।

कारोबारी के बेटे की सड़क पर दिखी सनक

घटना कानपुर के पॉश इलाके ग्वालटोली थाना क्षेत्र स्थित रेव थ्री के पास की है। मिली जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 3.15 बजे VIP रोड पर आरोपी शिवम मिश्रा अपनी लेम्बोर्गिनी कार से तेज रफ्तार से जा रहा था। रेव-3 के पास कार बेकाबू हो गई और सड़क किनारे खड़े वाहन चालकों समेत 6 से ज्यादा लोगों को टक्कर मार दी। इस दौरान वो नशे में धुत बताया जा रहा था।

बाउंसरों ने लोगों के साथ की अभद्रता

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बुलेट को टक्कर मारने के बाद शिवम मिश्रा ने मौके से भागने की कोशिश की। इस दौरान उसकी कार बेकाबू होकर सीधे डिवाइडर से जा भिड़ी जिससे सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। आरोपी के बाउंसर लेम्बोर्गिनी के पीछे दूसरी कार में चल रहे थे। जब आक्रोशित लोगों ने कार के शीशे तोड़कर आरोपी शिवम को बाहर निकाले की कोशिश की, तो बाउंसरों ने लोगों के साथ अभद्रता शुरू कर दी, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया। मामले की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस कार को थाने ले आई और शिवम मिश्रा व अन्य घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि बाउंसरों की हरकत से नाराज लोगों ने थाने में जमकर हंगामा किया और पुलिस से सख्त एक्शन लेने की गुहार लगाई।

मामला हाईप्रोफाइल होने के कारण पुलिस मीडिया को खुलकर कुछ नहीं बता रही है। पुलिस का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

(रिपोर्ट- अनुराग श्रीवास्तव)

यह भी पढ़ें-

शादी वाले दिन एक्सीडेंट में दामाद-ससुर की मौत, 28 साल पहले भी बारात में हुआ था हादसा

सूरजकुंड मेला हादसा मामले में एक्शन, झूला लगाने वाली कंपनी के प्रोपराइटर समेत 2 आरोपी गिरफ्तार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।