टोक्यो: जापान में रविवार महत्वपूर्ण संसदीय चुनाव संपन्न हो गया है। जापानी प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची की सत्ताधारी गठबंधन को एग्जिट पोल में बहुमत मिलता दिख रहा है। जापान में NHK पब्लिक टेलीविजन और अन्य प्रमुख नेटवर्कों ने अपने एग्जिट पोल के हवाले से यह जानकारी दी है। NHK के अनुसार, ताकाइची की लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (LDP) के नेतृत्व वाला गठबंधन 465 सीटों वाली लोअर हाउस (जापान की दो सदनीय संसद में अधिक शक्तिशाली सदन) में दो-तिहाई से अधिक सीटें जीत सकता है।
ताकाइची की पार्टी को स्पष्ट बहुतम की उम्मीद
एग्जिट पोल ने ताकाइची की गठबंधन पार्टी को दो तिहाई बहुमत मिलने की भविष्यवाणी की है। चुनाव पूर्व की स्थिति से यह बड़ा उछाल ताकाइची को दक्षिणपंथी एजेंडे पर आगे बढ़ने का मौका दे सकता है, जिसमें चीन के साथ बढ़ते तनाव के बीच जापान की अर्थव्यवस्था और सैन्य क्षमताओं को मजबूत करना शामिल है। साथ ही, वह वाशिंगटन के साथ संबंधों को पोषित करना चाहती हैं। बता दें कि ताकाइची ने अक्टूबर में जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री के रूप में पदभार संभाला था।
जापान में लोकप्रिय हैं ताकाइची
प्रधानमंत्री ताकाइची जापान में बेहद लोकप्रिय हैं, लेकिन पिछले सात दशकों में ज्यादातर समय सत्ता में रही LDP फंडिंग और धार्मिक घोटालों से जूझ रही है। ताकाइची ने केवल तीन महीने के कार्यकाल के बाद रविवार को स्नैप चुनाव बुलाए, ताकि उनकी लोकप्रियता कम होने से पहले स्थिति पलट सके। वे दक्षिणपंथी एजेंडे पर आगे बढ़ना चाहती हैं, जिसमें चीन के साथ तनाव बढ़ने पर अर्थव्यवस्था और सैन्य क्षमताओं को मजबूत करना, अमेरिका के साथ महत्वपूर्ण गठबंधन को पोषित करना और कभी-कभी अप्रत्याशित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ संबंध बनाए रखना शामिल है।
ताकाइची को बड़ी जीत की उम्मीद
जापान में लोकप्रिय नेता बन चुकी ताकाइची को बड़ी जीत की उम्मीद है। अल्ट्रा-कंजर्वेटिव ताकाइची ने पदभार संभालते ही "काम, काम, काम" का नारा दिया। उनकी प्लेफुल और सख्त स्टाइल युवा फैंस में खासी पसंद आई है। नवीनतम सर्वेक्षणों में LDP को लोअर हाउस में भारी जीत की भविष्यवाणी की गई है। विपक्ष, नई सेंट्रिस्ट गठबंधन और उभरते फार-राइट के बावजूद, बिखरा हुआ दिख रहा है और असली चुनौती नहीं दे पा रहा। ताकाइची ने LDP और उसके नए साथी जापान इनोवेशन पार्टी (JIP) के साथ 465 सीटों वाली लोअर हाउस में बहुमत हासिल करने पर दांव लगाया। उन्होंने कहा था कि अगर LDP बहुमत नहीं पाती, तो "मैं इस्तीफा दे दूंगी।"
जापान की सुरक्षा और दक्षिणपंथी नीतियों पर फोकस
ताकाइची का फोकस दक्षिणपंथी नीतियों को बढ़ावा देना, जापान की सुरक्षा, आप्रवासन और अन्य नीतियों में सही बदलाव करना है। यह नीति उन्हें बहुमत दिला सकती है। वहीं JIP नेता हिरोफुमी योशिमुरा ने कहा कि उनकी पार्टी "एक्सेलरेटर" की भूमिका निभाएगी। जापान में हाल में फार-राइट पॉपुलिस्ट जैसे एंटी-ग्लोबलिस्ट और राष्ट्रवादी पार्टी संसेतो को बढ़त मिली है। ताकाइची ने दिसंबर तक सुरक्षा और रक्षा नीतियों में संशोधन का वादा किया है, जिसमें हथियार निर्यात पर प्रतिबंध हटाना और युद्धोत्तर शांतिवादी सिद्धांतों से दूर जाना शामिल है। वे विदेशियों पर सख्त नीतियां, जासूसी विरोधी उपाय और अन्य कदम चाहती हैं, जो फार-राइट समर्थकों को भाते हैं, लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि इससे नागरिक अधिकार प्रभावित हो सकते हैं। वे ट्रंप के दबाव में रक्षा खर्च बढ़ाना भी चाहती हैं।
तकनीकि और उद्योग को मजबूती देना चाहती हैं ताकाइची
ताकाइची ने अपने चुनाव अभियान में "संकट प्रबंधन निवेश और विकास" के लिए सक्रिय सरकारी खर्च पर जोर दिया, जैसे आर्थिक सुरक्षा, तकनीक और अन्य उद्योगों को मजबूत करना उनका फोकस है। वे आप्रवासन पर सख्त उपाय चाहती हैं, जिसमें विदेशी संपत्ति मालिकों के लिए सख्त नियम और विदेशी निवासियों की सीमा शामिल है। तीन महीने के कार्यकाल के बाद स्नैप चुनाव को रित्सुमेइकन यूनिवर्सिटी के राजनीति विज्ञान प्रोफेसर मसातो कामिकुबो ने "जापानी राजनीति में समस्या वाली प्रवृत्ति" बताया, जहां राजनीतिक अस्तित्व नीतिगत परिणामों से ज्यादा महत्वपूर्ण हो जाता है। बर्फबारी और युवा मतदाताओं का प्रभाव अनिश्चित कुछ अनिश्चितताएं भी हैं।
जल्दबाजी में कराया चुनाव
ताकाइची ने यह चुनाव जल्दबाजी में कराया है। इसलिए लोगों को तैयारी का कम समय मिला, जिसकी शिकायतें आईं। रविवार का मतदान पूरे देश में ताजा बर्फबारी के साथ हुआ, जिसमें टोक्यो भी शामिल है। उत्तरी जापान में पिछले हफ्तों की रिकॉर्ड बर्फबारी से सड़कें बंद हुईं और दर्जनों मौतें हुईं। 54 वर्षीय काजुकी इशिहारा ने कहा कि उन्होंने स्थिरता और ताकाइची के तहत कुछ नया होने की उम्मीद में LDP को वोट दिया। "मुझे उम्मीद है कि वे कुछ कर सकती हैं जो उनके पूर्ववर्ती नहीं कर पाए।" 50 वर्षीय ऑफिस वर्कर योशिनोरी तमदा ने कहा कि उनकी रुचि वेतन में है। "मेरी पे स्लिप देखकर मैं बहुत सोचता हूं और ऐसे पार्टी को वोट देता हूं जिस पर मैं भरोसा कर सकूं।"
यह भी पढ़ें
PM मोदी मलेशिया का 2 दिवसीय दौरा पूरा करने के बाद भारत रवाना, जानें हुई क्या बड़ी डील