1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. फतेहपुर में शादी वाले दिन एक्सीडेंट में दामाद-ससुर की मौत, 28 साल पहले भी बारात में हुआ था हादसा

फतेहपुर में शादी वाले दिन एक्सीडेंट में दामाद-ससुर की मौत, 28 साल पहले भी बारात में हुआ था हादसा

 Edited By: Khushbu Rawal
 Published : Feb 05, 2026 10:50 pm IST,  Updated : Feb 05, 2026 10:50 pm IST

गुरुवार को ही बारात बांदा जिले के भरतकूप (चित्रकूट) जानी थी, लेकिन हादसे के बाद घर में मातम पसर गया और बारात रोक दी गई। दुल्हन पक्ष के लोग स्वयं वर पक्ष के घर पहुंचे। हादसे में इकलौते बेटे की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

tractor car accident- India TV Hindi
ट्रैक्टर और कार की आमने सामने जोरदार भिड़ंत में दो की मौत। Image Source : REPORTER INPUT

फतेहपुर जिले के असोथर थाना क्षेत्र के सिंघुतारा गांव के पास गुरुवार को तेज रफ्तार ट्रैक्टर और कार की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया और परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

शादी समारोह में आया था सतीश

जानकारी के अनुसार सतीश कुमार उर्फ सोनू (28) पुत्र पप्पू, निवासी टिंडा रोड गली नंबर 1, सेमराला ताजपुर, जिला लुधियाना (पंजाब) अपने रिश्तेदारों के यहां शादी समारोह में शामिल होने असोथर क्षेत्र के जरौली गांव आए थे। आज परिवार के साथ असोथर बाजार सामान लेने जा रहे थे। तभी सिंघुतारा गांव के पास असोथर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार राजकुमार शर्मा (50) और उनके दामाद सतीश की मौत हो गई। 

हादसे में राजकुमार का बेटा मोहित (13) गंभीर रूप से घायल हो गया, उसे कानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

वर पक्ष के घर पहुंचे दुल्हन पक्ष के लोग

मृतक सतीश अपने पीछे पत्नी राजनंदनी उर्फ प्रेरणा, तीन वर्षीय पुत्र कार्तिक, माता राधा देवी, पिता पप्पू और बहनों नंदनी व भानवी को छोड़ गए हैं। इकलौते बेटे की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि सतीश अपने बुआ गुड़िया के बेटे दीपू उर्फ दीपक की शादी में शामिल होने आए थे। गुरुवार को ही बारात बांदा जिले के भरतकूप (चित्रकूट) जानी थी, लेकिन हादसे के बाद घर में मातम पसर गया और बारात रोक दी गई। दुल्हन पक्ष के लोग स्वयं वर पक्ष के घर पहुंच रहे हैं।

मृतक की पत्नी ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस के अनुसार मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।  

28 साल पहले भी बारात में हुआ था हादसा

ग्रामीणों के अनुसार करीब 28 साल पहले भी परिवार में बारात के दौरान बड़ा हादसा हुआ था। दीपू के चाचा राधेलाल की बारात समरता थाना बबेरू जिला बांदा जाते समय गाजीपुर थाना क्षेत्र के चकसकरन गांव के पास ट्रैक्टर हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई थी और कई लोग घायल हुए थे। मौजूदा हादसे के बाद गांव में पुराने घटनाक्रम की चर्चा जरूर हो रही है, हालांकि पुलिस ने इसे महज सड़क दुर्घटना बताते हुए जांच की बात कही है।

(रिपोर्ट- उमेश चन्द्रा)

यह भी पढ़ें-

ग्रेटर नोएडा में 90 डिग्री मोड़ पर फिर हादसा, नाले में गिरी कार; पानी कम होने से बची जान

शादी के 3 महीने बाद पति को प्रेमी से मरवा दिया, दिखाया सड़क हादसा, खौफनाक साजिश का ऐसे हुआ खुलासा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।