1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. राम मंदिर के नए CEO का बड़ा संदेश- ‘मुझे कुछ समय दें, जल्द दिखेगा बदलाव’

राम मंदिर के नए CEO का बड़ा संदेश- ‘मुझे कुछ समय दें, जल्द दिखेगा बदलाव’

राम मंदिर का कामकाज अब कैसे होगा, इसे लेकर ट्रस्ट के नवनियुक्त CEO एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा ने अपनी योजना बताई है। उन्होंने कहा कि वह इसके लिए बैठकें कर रहे हैं और ट्रस्ट से भी बातचीत कर कर रहे हैं। उनकी आगे की क्या रणनीति होगी इस बारे में भी उन्होंने बताया।

jeetenrdra mishra- India TV Hindi
Image Source : PTI राम मंदिर ट्रस्ट के सीईओ जितेंद्र मिश्रा।

श्री राम मंदिर ट्रस्ट के पहले CEO रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा ने शुक्रवार को अयोध्या में भगवान राम के भक्तों से समर्थन और आशीर्वाद मांगा तथा कहा कि ट्रस्ट की रणनीति का परिणाम जल्द ही जमीन पर दिखने लगेगा। जितेंद्र मिश्रा ने यहां ट्रस्ट सदस्यों की बैठक के बाद कहा, ''हमारी अपील है कि आपका विश्वास और आशीर्वाद हमारे साथ बना रहे। राम भक्तों का आशीर्वाद हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है। आपके आशीर्वाद और विश्वास से हम आगे बढ़ेंगे। मुझे कुछ समय दें।"

राम मंदिर की व्यवस्था में अब दिखेगा नया रंग!

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट द्वारा बुधवार को मंदिर के पहले CEO नियुक्त किए गए मिश्रा ने कहा कि वह वर्तमान में पूरे सिस्टम को समझने की कोशिश कर रहे हैं और ट्रस्ट के सदस्यों से मिलने और राम मंदिर का दौरा करने के बाद उन्होंने अपनी योजनाओं को क्रियान्वित करना शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि परिणाम कुछ ही दिनों में दिखने लगेंगे। बैठक में चर्चा विभिन्न हितधारकों के साथ काम करने और ट्रस्ट के काम को आगे बढ़ाने के तरीकों पर केंद्रित रही। जो भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे उन्हें मीडिया के सामने भी लाया जाएगा।''

'भगवान श्री राम ने बरसाई अपनी कृपा'

जिम्मेदारी सौंपे जाने के लिए भगवान राम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए जितेंद्र मिश्रा ने कहा, ''भगवान श्री राम ने मुझे इतनी बड़ी जिम्मेदारी देकर मुझ पर अपनी कृपा बरसाई है। इससे अधिक कोई और क्या मांग सकता है?'' बैठक यहां वैदेही भवन में ट्रस्ट के महासचिव गोविंद देव गिरि की उपस्थिति में हुई, जिसमें ट्रस्ट के कई सदस्यों ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से भाग लिया। मिश्रा ने कहा कि ट्रस्ट के मार्गदर्शन में भविष्य की रणनीति तैयार की जाएगी, जिसमें व्यवस्थाओं और पारदर्शिता पर भी चर्चा होगी। ट्रस्ट आगामी त्योहारों की तैयारियों और राम भक्तों की सुविधाओं और सुरक्षा पर भी विचार-विमर्श कर रहा है।

राम मंदिर को 3 नए ट्रस्टी मिले

बता दें कि बुधवार को प्रबंधन संबंधी एक बड़े बदलाव की घोषणा के बाद ट्रस्ट की यह पहली बैठक थी, जब जितेंद्र मिश्रा को मंदिर का पहला सीईओ नियुक्त किया गया था और गोविंद देव गिरि को नया महासचिव नामित किया गया था। दिल्ली के महेश भागचंदका को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। अयोध्या के मदन मोहन पांडे, शिकोहाबाद की डॉ. निर्मला यादव और भागचंदका को नए ट्रस्टी के रूप में शामिल किया गया है। इस प्रकार यादव ट्रस्ट की पहली महिला सदस्य हैं।

'ऑपरेशन सिन्दूर' के दौरान पश्चिमी वायु कमान का नेतृत्व करने वाले जितेंद्र मिश्रा उन 3 उम्मीदवारों में शामिल थे जिन्हें ट्रस्ट की चयन समिति ने 5,585 आवेदनों की जांच के बाद CEO पद के लिए चयनित किया था। जितेंद्र मिश्रा की पूरी प्रोफाइल के बारे में जानिए

क्यों किया गया ट्रस्ट की व्यवस्था में बदलाव?

राम मंदिर में बड़े पैमाने पर दान की चोरी के आरोपों के बाद प्रबंधन में बदलाव किया गया है। राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और अनिल मिश्रा को हटा दिया गया था। इसके बाद ये ऐलान किया गया था कि राम मंदिर की व्यवस्था में बदलाव के लिए राम मंदिर ट्रस्ट के लिए एक CEO नियुक्त किया जाएगा। कथित दान चोरी के सिलसिले में 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और वे फिलहाल जेल में हैं।

(इनपुट- PTI)

यह भी पढ़ें-

जितेंद्र मिश्रा को राम मंदिर ट्रस्ट का CEO बनाने पर कांग्रेस ने उठाए सवाल, कहा- 'ये काम साधु-संतों का है'