1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी पशुपालन विभाग भर्ती घोटाले में रिटायर्ड आईएएस योगेश कुमार गिरफ्तार, EOW ने कसा शिकंजा

यूपी पशुपालन विभाग भर्ती घोटाले में रिटायर्ड आईएएस योगेश कुमार गिरफ्तार, EOW ने कसा शिकंजा

पशुपालन विभाग भर्ती में कथित गड़बड़ियों के मामले में रिटायर्ड IAS अधिकारी योगेश कुमार को इकोनॉमिक ऑफेंस विंग (EOW) ने गिरफ़्तार किया है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
Image Source : ANI सांकेतिक तस्वीर

लखनऊः उत्तर प्रदेश में पशुपालन विभाग भर्ती घोटाले में रिटायर्ड आईएएस योगेश कुमार को इकोनॉमिक ऑफेंस विंग (EOW) ने गिरफ़्तार किया है। योगेश कुमार को EOW की टीम ने लखनऊ के गोमती नगर से गिरफ्तार किया है। EOW के डायरेक्टर जनरल JN सिंह ने बताया कि जांचकर्ताओं को गड़बड़ियों से उनके जुड़े होने के सबूत मिलने के बाद कुमार को लखनऊ के गोमती नगर से गिरफ़्तार किया गया।

साल 2014 में हुई थी भर्ती

जानकारी के अनुसार, साल 2014 में उत्तर प्रदेश के 17 मंडलों में 1198 पदों पर पशुधन प्रसार अधिकारियो की भर्ती हुई थी। यह भर्ती प्रक्रिया समाजवादी पार्टी सरकार के दौरान शुरू हुई थी। 1,198 पदों के लिए परीक्षा 2 फरवरी, 2014 को आयोजित की गई थी। चयन प्रक्रिया के दौरान बड़े पैमाने पर गड़बड़ियों के आरोप सामने आए थे।

पशुधन प्रसार अधिकारी की भर्ती के बाद योगेश कुमार रिटायर हो गए थे। इस दौरान पशुधन मंत्री राज किशोर सिंह थे। राज किशोर सिंह के अभियोजन स्वीकृति की फाइल अभी शासन में लंबित है। 

जांच में सामने आई गड़बड़ी

जांच के मुताबिक, भर्ती के नियमों को कथित तौर पर नज़रअंदाज़ किया गया था। OMR आंसर शीट की जांच एक ही जगह पर की गई थी, जिससे जांचकर्ताओं को शक हुआ कि इससे नंबरों में हेर-फेर हो सकता था। रिपोर्ट के अनुसार, ज़िला और डिवीज़न स्तर पर चयन के लिए ज़िम्मेदार कमेटियों के अधिकार भी वापस ले लिए गए थे। 

योगेश कुमार को क्यों गिरफ़्तार किया गया?

भर्ती के समय योगेश कुमार पशुपालन विभाग के प्रधान सचिव थे। जांच एजेंसी ने कहा कि उन्हें कथित अनियमितताओं में उनकी भूमिका से जुड़े सबूत मिले हैं।

राज किशोर सिंह पर क्या कार्रवाई हुई

योगेश कुमार भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के रिटायर्ड अधिकारी हैं, जो उत्तर प्रदेश कैडर के 1980 बैच से थे। अपने प्रशासनिक करियर के दौरान, उन्होंने राज्य सरकार में काम किया और पशुपालन विभाग में प्रधान सचिव का पद संभाला। भर्ती प्रक्रिया के समय राज किशोर सिंह पशुपालन मंत्री थे। उन्हें 2016 में मंत्री पद से हटा दिया गया था और 2024 में वे भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गए। पूर्व मंत्री के ख़िलाफ़ संभावित कानूनी कार्रवाई से जुड़ी एक फ़ाइल सरकार के पास मंज़ूरी के लिए लंबित है। 

ये भी पढ़ेंः सपा नेता आजम खान के खिलाफ ED ने दर्ज किया भ्रष्टाचार का केस, मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट को भी बनाया आरोपी

गाजियाबाद में हार्डवेयर व्यापारी की हत्या का आरोपी बिलाल पुलिस एनकाउंटर में घायल, पैर में लगी गोली