गाजियाबाद। ट्रॉनिका सिटी थाना पुलिस ने हत्या के मुकदमे में वांछित आरोपी बिलाल को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। 14 अक्टूबर की रात करीब 1:05 बजे खानपुर जप्ती रोड पर श्मशान घाट के पास हुई मुठभेड़ में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
बिलाल के पैर में लगी गोली
पुलिस के अनुसार, 12 अक्टूबर 2026 को विनोद गुप्ता की हत्या के मामले में थाना ट्रॉनिका सिटी में मुकदमा अपराध संख्या 399/2026, धारा 103(1) और 3(5) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया था। इसी क्रम में चेकिंग के दौरान पुलिस की वांछित आरोपी बिलाल से मुठभेड़ हो गई, जिसमें उसके बाएं पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिलाल पुत्र कासिम, निवासी गिरी मार्केट, थाना लोनी, गाजियाबाद, उम्र करीब 27 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू, एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस और चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही आरोपी के आपराधिक इतिहास और अन्य संभावित आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता की जानकारी जुटाई जा रही है।
दो आरोपी पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। बिलाल तीसरा आरोपी है। कारोबारी की हत्या करने के आरोप में पुलिस ने मंगलवार को किरायेदार के भाई गुलजार और चचेरे भाई फरमान को ट्रॉनिका सिटी अंबे चौक से गिरफ्तार कर लिया था। मुठभेड़ में घायल हुए तीसरे आरोपी बिलाल ने मृतक कारोबारी की प्रॉपर्टी उनसे 20 लाख रुपये में खरीदी थी, लेकिन वह उन रुपयों को दे नहीं पा रहा था।
तकादे से तंग आकर आरोपी बिलाल ने अपने सगे भाई गुलजार और चचेरे भाई फरमान के साथ मिलकर विनोद गुप्ता को रास्ते से हटाने की साजिश बिलाल ने विनोद गुप्ता को घर से कहीं चलने के लिए फोन करके बुलाया और कार में बैठाकर पंचलोक गांव के जंगल में ले गया। जहां पर चाकू से गोदकर उनकी हत्या कर दी। इससे पहले अभी हाल में ही पुलिस ने एक वाहन चोर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था।
रिपोर्टः जुबैर अख्तर
ये भी पढ़ेंः ग्रेटर नोएडा में खूनी खेल, जहांगीरपुर बाजार में ताबड़तोड़ फायरिंग से मची भगदड़, युवक की निर्मम हत्या