1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी के फतेहपुर में रिटायर्ड प्रिंसिपल की बेटी का नहर में मिला शव, जानें पोस्टमार्टम रिपोर्ट में क्या सामने आया

यूपी के फतेहपुर में रिटायर्ड प्रिंसिपल की बेटी का नहर में मिला शव, जानें पोस्टमार्टम रिपोर्ट में क्या सामने आया

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक रिटायर्ड प्रिंसिपल की बेटी का नहर से शव बरामद हुआ है।

Fatehpur- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV उत्तर प्रदेश के फतेहपुर का मामला

फतेहपुर: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से एक सनसनीखेज घटना सामने आई। यहां एक रिटायर्ड प्रिंसिपल की बेटी का शव निचली गंगा नहर में मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस टीम ने गोताखोरों की मदद से शव बाहर निकाला है। युवती की उम्र 24 साल बताई जा रही है। घटना से परिजनों के बीच शोक की लहर है। इस मामले में पुलिस अधीक्षक का बयान भी सामने आ गया है।

क्या है पूरा मामला?

24 साल की एक युवती का शव शनिवार को नहर से बरामद किया गया। युवती शुक्रवार से लापता थी, जिसके बाद पुलिस और ग्रामीणों ने रातभर तलाशी अभियान चलाया था। युवती के पिता रिटायर्ड प्रिसिंपल हैं। मिली जानकारी के मुताबिक, बेटी बिना बताए घर से निकली थी और फिर वापस नहीं लौटी। जब परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की तो पता लगा कि उसका शव जलाला नहर पुल के पास नहर में पाया गया। 

पुलिस और ग्रामीणों ने की थी तलाश

घटना की जानकारी मिलते ही डायल-112, बकेवर पुलिस, चौडगरा चौकी और कल्यानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और ग्रामीणों ने देर रात तक टॉर्च की रोशनी में नहर में युवती की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण और बकेवर व कल्याणपुर थाना पुलिस फिर से मौके पर जुटी और करीब 5 घंटे चले सघन तलाशी अभियान के बाद युवती का शव अदमापुर नहर पुल के पास से बरामद किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में क्या सामने आया? पुलिस अधीक्षक ने बताया

दरअसल जब युवती का शव बरामद हुआ था, तब ये आशंका जताई जा रही थी कि उसकी रेप के बाद हत्या हुई है लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में रेप के बाद हत्या की बात सामने नहीं आई है।

इस मामले में पुलिस अधीक्षक ने बताया कि युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया है कि युवती के शव में कोई फिजिलाक स्पॉट नहीं मिले हैं और ना ही रेप और हत्या की कोई पुष्टि हुई है। युवती की मौत गहरे पानी में डूबने से हुई है। युवती 4 वर्ष से मानसिक बीमारी से परेशान थी। परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। (रिपोर्ट- फतेहपुर से उमेश चन्द्रा)

इससे पहले कानपुर में BA की छात्रा की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया था। ITI परीक्षा देकर लौटने के बाद घर में शव मिला था।

ये भी पढ़ें-

हापुड़ में नशेड़ी युवक की खौफनाक वारदात, सगाई टूटने पर घर में घुसकर दो बहनों पर किया एसिड अटैक