1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. कानपुर में BA की छात्रा की संदिग्ध मौत, ITI परीक्षा देकर लौटने के बाद घर में मिला शव, मचा हड़कंप

कानपुर में BA की छात्रा की संदिग्ध मौत, ITI परीक्षा देकर लौटने के बाद घर में मिला शव, मचा हड़कंप

 Written By: Rituraj Tripathi
 Published : Aug 15, 2026 11:49 pm IST,  Updated : Aug 16, 2026 12:20 am IST

कानपुर में बीए की एक छात्रा का संदिग्ध हालात में घर से शव मिलने से हड़कंप मच गया। फिलहाल युवती की मौत की वजह साफ नहीं हो सकी है। मामले की जांच की जा रही है।

Kanpur- India TV Hindi
कानपुर में BA की छात्रा की संदिग्ध मौत Image Source : REPORTER INPUT

कानपुर: शहर के बाबूपुरवा इलाके में शनिवार तड़के एक 18 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया। युवती की पहचान ऐंजल मिश्रा उर्फ कोमल के रूप में हुई है। वह बीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी और साथ ही आईटीआई की परीक्षा भी दे रही थी। परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार को वह आईटीआई की परीक्षा देने गोंडा गई थी और देर शाम परीक्षा देकर वापस कानपुर लौटी थी।

घर लौटने के बाद उसने अपने पिता के साथ खाना खाया। इसके बाद कुछ समय तक मोबाइल चलाने के बाद वह सोने की बात कहकर कमरे में चली गई। रात में परिवार के लोग सो गए। शनिवार तड़के करीब 3 बजे पिता आशीष कुमार मिश्रा की नींद खुली। उन्होंने बेटी को देखने के लिए उसके कमरे में जाना चाहा, लेकिन वह वहां मौजूद नहीं थी।

बेटी के कमरे में न मिलने पर पिता ने घर के दूसरे हिस्सों में तलाश शुरू की। इसी दौरान वह बरामदे में पहुंचे, जहां युवती का शव मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों को भी घटना की जानकारी हुई और पुलिस को सूचना दी गई।

मां की पहले ही हो चुकी है मौत

जानकारी के अनुसार ऐंजल परिवार की इकलौती बेटी थी। उसके जन्म के कुछ समय बाद ही उसकी मां की मौत हो गई थी। पिता आशीष कुमार मिश्रा प्राइवेट नौकरी करते हैं। बेटी की मौत के बाद परिवार में मातम का माहौल है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, ताकि मौत की परिस्थितियों की पुष्टि हो सके। पुलिस ने युवती का मोबाइल फोन भी कब्जे में लिया है और उसमें मौजूद जानकारी की जांच की जा रही है।

मौत की वजह अभी साफ नहीं

बाबूपुरवा थाना प्रभारी नीरज ओझा के अनुसार, शुरुआती जांच में मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस युवती के मोबाइल फोन और अन्य परिस्थितियों की जांच कर रही है। परिजनों और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि युवती ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया। पुलिस उसके हाल के दिनों के घटनाक्रम, मोबाइल गतिविधियों और संपर्क में रहे लोगों से जुड़ी जानकारी भी खंगाल रही है।

घटना के बाद इलाके में भी शोक का माहौल है। परिवार और परिचितों के लिए यह घटना इसलिए भी बेहद दुखद है क्योंकि युवती शुक्रवार शाम ही परीक्षा देकर घर लौटी थी और कुछ घंटे बाद ही उसकी मौत की खबर सामने आई।

इससे पहले कानपुर में कमरे में पेंट कारोबारी का शव मिला था, दुर्गंध आने पर किरायेदार ने पुलिस को सूचना दी थी।  (रिपोर्ट-अनुराग श्रीवास्तव)

ये भी पढ़ें-

कानपुर में गर्भवती महिला का फंदे से लटकता मिला शव, ढाई साल के मासूम ने पिता को बताया- "मां लटक रही हैं"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।