1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. कानपुर में कमरे में मिला पेंट कारोबारी का शव, दुर्गंध आने पर किरायेदार ने दी पुलिस को सूचना; जांच जारी

कानपुर में कमरे में मिला पेंट कारोबारी का शव, दुर्गंध आने पर किरायेदार ने दी पुलिस को सूचना; जांच जारी

 Written By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Aug 03, 2026 02:45 pm IST,  Updated : Aug 03, 2026 02:47 pm IST

कानपुर में एक पेंट व्यापारी का शव उसके कमरे से बरामद किया गया है। आशंका जताई जा रही है कि हार्ट अटैक से उनकी मौत हुई होगी। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही इस पर कुछ कहा जा सकता है।

पेंट व्यापारी का कमरे में मिला शव।- India TV Hindi
पेंट व्यापारी का कमरे में मिला शव। Image Source : REPORTER INPUT

कानपुर: जिले के बर्रा थाना क्षेत्र के विश्व बैंक कॉलोनी में सोमवार दोपहर एक पेंट कारोबारी का शव उनके घर के कमरे में बिस्तर पर मिला। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अनुराग बघेल के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने पर बर्रा पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मौत हार्ट अटैक से होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि अंतिम निष्कर्ष पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही निकाला जाएगा।

अकेले रहता था पेंट व्यापारी

पुलिस के अनुसार अनुराग बघेल बर्रा विश्व बैंक के ए-1 ब्लॉक स्थित अपने मकान में अकेले रहते थे और पेंट के कारोबार से जुड़े थे। उनकी पत्नी प्रियंका करीब छह माह पहले दोनों बच्चों हंस और चित्रांशी की पढ़ाई के लिए दिल्ली चली गई थीं। तब से अनुराग कानपुर में अकेले रहकर कारोबार संभाल रहे थे। मृतक के छोटे भाई चेतन बघेल ने बताया कि अनुराग से परिवार का नियमित संपर्क रहता था। उनकी पत्नी बच्चों की शिक्षा के कारण दिल्ली में रह रही थीं, जबकि अनुराग अपने व्यवसाय के चलते कानपुर में ही रह रहे थे।

दुर्गंध आने पर पुलिस को दी सूचना

परिजनों के मुताबिक अनुराग को आखिरी बार 30 जुलाई की शाम उनके छोटे भाई की पत्नी देवेंद्री ने घर के बाहर टहलते हुए देखा था। इसके बाद से वह किसी की नजर में नहीं आए। सोमवार दोपहर मकान की पहली मंजिल पर किराए पर रहने वाली युवती को नीचे के हिस्से से दुर्गंध आने लगी। संदेह होने पर उसने अनुराग के कमरे की ओर जाकर देखा तो दरवाजा खुला मिला। कमरे के भीतर बिस्तर पर अनुराग का शव पड़ा था। इसके बाद उसने तत्काल पड़ोसियों, छोटे भाई और पुलिस को सूचना दी।

हार्ट अटैक से मौत की आशंका

सूचना पर बर्रा थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए और आसपास के लोगों से पूछताछ की। शुरुआती जांच में कमरे में किसी तरह के संघर्ष या जबरन प्रवेश के संकेत नहीं मिले हैं। बर्रा थाना प्रभारी रवींद्र श्रीवास्तव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्राकृतिक मौत का प्रतीत हो रहा है और हार्ट अटैक की संभावना सामने आई है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही हो सकेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। (इनपुट- अनुराग श्रीवास्तव)

यह भी पढ़ें-

सहरसा में पैसेंजर ट्रेन में लगी भीषण आग, पूरी तरह जलकर खाक हुआ कोच; यात्रियों में हड़कंप

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।