यूपी के सहारनपुर में बुधवार शाम उस समय हड़कंप मच गया जब पुलिस और बदमाशों के बीच आमना-सामना हो गया। चेकिंग के दौरान संदिग्ध गतिविधि पर पुलिस ने बदमाशों को रोकने का प्रयास किया, जिस पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और दोनों ओर से कई राउंड गोलियां चलीं।
फायरिंग में 2 पुलिसकर्मी भी घायल
मुठभेड़ के दौरान 1 लाख रुपये का इनामी बदमाश शहजाद गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बदमाशों की ओर से की गई फायरिंग में 2 पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने तुरंत घायलों को एंबुलेंस के जरिए सीएचसी बेहट पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पेशेवर तरीके से गोवंश की हत्या करता था शहजाद
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घायल बदमाश शहजाद ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उसकी पहचान शहजाद पुत्र शहीद, निवासी ग्राम गन्देवड़ा थाना फतेहपुर के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक शहजाद एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी था, जिस पर गोकशी, हत्या, लूट, गैंगस्टर एक्ट समेत विभिन्न थानों में कुल 44 मुकदमे दर्ज थे। लंबे समय से फरार चल रहे इस बदमाश पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। उसकी उम्र 40 साल थी। पुलिस का दावा है कि वह पेशेवर तरीके से गोवंश की हत्या करता था।
घटनास्थल से हथियार बरामद
मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में पुलिस बल तैनात कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने घटनास्थल से हथियार भी बरामद किए हैं। वहीं, मृतक बदमाश के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
(रिपोर्ट- खालिद हसन)
यह भी पढ़ें-
प्रतापगढ़ के ड्राइवर को हैदराबाद में रॉड से मार डाला, रोंगटे खड़ा कर देने वाला वीडियो हुआ वायरल
पूर्व सपा विधायक विजय सिंह के घर पर भीषण ब्लास्ट, दूर तक फैला कांच और क्षतिग्रस्त हुआ मकान, 5 घायल-VIDEO