1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. सहारनपुर में भीषण सड़क हादसा, डिवाइडर से टकराई कार; दुर्घटना में गई ITBP के DIG की जान

सहारनपुर में भीषण सड़क हादसा, डिवाइडर से टकराई कार; दुर्घटना में गई ITBP के DIG की जान

सहारनपुर में भीषण सड़क हादसा हो गया है। इस घटना में आईटीबीपी के डीआईजी परमिंदर सिंह और उनके ड्राइवर रामशरण की मौत हो गई है।

Saharanpur Road Accident- India TV Hindi
Image Source : PEXELS (प्रतीकात्मक फोटो) सहारनपुर में सड़क हादसे में ITBP के DIG की मौत।

सहारनपुर: यूपी के सहारनपुर में आज (शनिवार को) तेज रफ्तार गाड़ी के डिवाइडर से टकराने के बाद सामने से आ रही कार से टकराने से आईटीबीपी के डीआईजी और उनके ड्राइवर की मौत हो गई, जबकि 4 अन्य लोग जख्मी हो गए। पुलिस के मुताबिक, यह दुर्घटना सुबह लगभग 11 बजे सरसावा थाना इलाके में देहरादून-पंचकूला नेशनल हाइवे पर हुआ।

दुर्घटना में ITBP के DIG परमिंदर सिंह का निधन

मृतकों की पहचान आईटीबीपी के डीआईजी परमिंदर सिंह और उनके ड्राइवर रामशरण के रूप में हुई है। डीआईजी का निधन 52 साल की उम्र में हुआ। पुलिस ने बताया कि डीआईजी के गनर जय राम को काफी चोटें आई हैं। सहारनपुर के एसएसपी अभिनंदन सिंह ने बताया कि दुर्घटना में सामने से आ रही स्विफ्ट कार में बैठे 3 लोग भी घायल हुए हैं। उनकी पहचान 49 साल के गुरुनानक सिंह, 55 साल के देवेंद्र कौर और 57 साल के गुरनाम सिंह के तौर पर हुई है।

डिवाइडर पार करके सड़क के दूसरी तरफ पहुंच गई कार

सभी जख्मी लोगों को इलाज के लिए पिलखनी के मेडिकल कॉलेज में एडमिट कराया गया है। एसएसपी अभिनंदन सिंह ने बताया कि डीआईजी और उनके 2 साथियों को लेकर जा रही स्कॉर्पियो कार कंट्रोल होकर सड़क के डिवाइडर से टकरा गई और उछलकर सड़क की दूसरी लेन में चली गई, जहां सामने से आ रही गाड़ी से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई।

पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए दोनों शव

उन्होंने बताया कि दुर्घटना की खबर मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने परमिंदर सिंह और रामशरण को मृत घोषित कर दिया है। सहारनपुर पुलिस ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इससे पहले हाल ही में झांसी में आवारा गाय से तेज रफ्तार बाइक टकरा गई थी। इस घटना में 2 युवक घायल हो गए थे।

कौन थे परमिंदर सिंह?

एसएसपी अभिनंदन सिंह ने बताया कि परमिंदर सिंह मूल रूप से पंजाब के रोपड़ के निवासी थे। वर्तमान में वह जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में तैनात थे। वह उत्तराखंड के मसूरी में ट्रेनिंग पूरा करने के बाद हरियाणा के अंबाला जा रहे थे। दुर्घटना की जानकारी मिलने के बाद डीएम अरविंद चौहान और एसएसपी अभिनंदन सिंह भी पिलखनी मेडिकल कॉलेज पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने बताया कि इस केस में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

(इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें- रायबरेली स्टेशन पर GRP सिपाही की मुस्तैदी से टला बड़ा हादसा, चलती ट्रेन से गिरती महिला को बचाया