सहारनपुर: यूपी के सहारनपुर के नागल थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई 27 साल की लड़की की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके भाई को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बहन की हत्या करने की बात स्वीकार की है। आरोपी ने बताया कि घटना की रात उसने बहन की चारपाई पर गांव के एक युवक को देखा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद समाज में बदनामी होने की आशंका और गुस्से में उसने सोते समय दुपट्टे से बहन का गला घोंट दिया।
कल सुबह कमरे में मिला था लड़की का शव
घटना 16 अक्टूबर की है। गांव में लड़की रात में अपने घर के कमरे में सो रही थी, जबकि उसके माता-पिता अलग सोए हुए थे। सुबह परिजन घर पहुंचे तो लड़की का शव चारपाई पर पड़ा मिला। बेटी की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शुरुआती जांच के दौरान पुलिस को कुछ ऐसे तथ्य मिले, जिनके आधार पर शक की सुई लड़की के भाई की ओर घूमी। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। वहीं, लड़की के चाचा की तहरीर पर लड़की के भाई के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।
सुबह साढ़े तीन बजे युवक को देखने का दावा
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी भाई ने बताया कि 16 अक्टूबर की सुबह करीब 3:30 बजे उसकी आंख खुली तो उसने अपनी बहन की चारपाई पर गांव के युवक को देखा। आरोपी के मुताबिक, उसे देखकर युवक वहां से चला गया। इसके बाद भाई ने बहन से युवक के घर आने की वजह पूछी, जिस पर दोनों के बीच विवाद हो गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बताया कि विवाद के बाद वह अपनी चारपाई पर जाकर लेट गया, लेकिन उसके मन में गुस्सा बना रहा। समाज में बदनामी होने की आशंका के चलते उसने बहन के सो जाने के बाद गुलाबी रंग के दुपट्टे से उसका गला घोंट दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
अफसर बनने का सपना देखती थी बहन
मृतक लड़की अपने परिवार में सबसे बड़ी बेटी थी। उसके दो छोटे भाई हैं। वह ग्राम सेवक अधिकारी के पद पर कार्यरत थी और आगे चलकर एक बड़ी अफसर बनना चाहती थी। उसकी हत्या से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस बेटी के भविष्य को लेकर परिवार ने सपने संजोए थे, उसकी मौत से पूरे परिवार में मातम पसरा है।
इससे पहले यूपी के मेरठ से एक चौंकाने वाला हत्याकांड सामने आया था। यहां एक पति की हत्या कर उसके शव को सांप से 10 बार कटवाया था। इस मामले में रविता और उसके ब्यॉयफ्रेंड को सजा भी हुई थी। (रिपोर्ट- खालिद हसन)
ये भी पढ़ें-
प्रतापगढ़ में टाइनी बैंक संचालिका की पति ने की पीट-पीटकर हत्या, पुलिस से बोला- घर में घुसकर बदमाशों ने मारा